कोविड-19 के कारण देशव्यापी लॉकडाउन के कारण क्रिकेटरों की आउटडोर ट्रेनिंग बंद है। ऐसे में भी तकनीकी रूप से भारत के सबसे दक्ष विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के पिता प्रशांत अभ्यास में अपने बेटे की मदद कर रहे हैं। प्रशांत साउथ सिटी के अपने अपार्टमेंट में ऋ द्धिमान की विकेटकीपिंग ड्रिल में मदद कर रहे हैं जिससे कि उनका हाथ और आंखों का सामंजस्य बना रहे।
हाल ही में दूसरी बार पिता बने साहा ने कहा कि मेरे अपार्टमेंट के अंदर जो भी ड्रिल संभव है, मैं वह कर रहा हूं। इसलिए मैं आखों और हाथों के सामंजस्य वाली कई ड्रिल करता हूं जो विकेटकीपरों के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि वो कभी-कभी दीवार पर सॉफ्टबॉल मारते हैं और फिर गेंद को कैच करते हैं जिससे कि क्रिकेट खेलने का अहसास बना रहे।
उन्होंने कहा कि कभी-कभी मेरे पिता (प्रशांत साहा) भी फ्लैट के अंदर मेरी मदद करते हैं। क्या फ्लैट के अंदर कूदने और कैच का अभ्यास करने के लिए पर्याप्त जगह है? साहा भाग्यशाली हैं कि उनके घर में ऐसा है।
साहा ने कहा कि हां, मैं दोनों तरफ मूव कर सकता हूं और कैच पकड़ सकता हूं। यह पूछने पर कि क्या यह ब्रेक कंधे की सर्जरी के कारण 2018-2019 के ब्रेक की तरह है, साहा ने कहा कि यह उस समय से बेहतर है।