फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक घंटे भी नहीं रह पाया वैभव का रिकॉर्ड: विजय हजारे में छाए बिहारी, गनी ने 32 तो किशन ने 33 गेंद में जड़ा शतक

Wed, 24 Dec 2025 01:20 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विजय हजारे ट्रॉफी 2025 का एक दिन भारतीय घरेलू क्रिकेट के इतिहास में रिकॉर्ड्स के नाम रहा। पहले वैभव सूर्यवंशी के 36 गेंदों के शतक का रिकॉर्ड बना, जिसे कुछ ही समय बाद बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने 32 गेंदों में शतक जड़कर तोड़ दिया। इसके बाद झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने 33 गेंदों में शतक लगाकर दिन को और खास बना दिया। एक ही दिन में तीन विस्फोटक शतकों ने लिस्ट-ए क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजों की ताकत और गहराई को दर्शा दिया।
विज्ञापन
वैभव, सकीबुल, ईशान और आयुष के शतक - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विजय हजारे ट्रॉफी 2025 का पहला दिन, यानी 24 दिसंबर भारतीय घरेलू क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस दिन तीन बिहारियों का जलवा देखने को मिला और कुछ ही घंटों के भीतर एक के बाद एक रिकॉर्ड टूटते चले गए। एक ही दिन में वैभव सूर्यवंशी, सकीबुल गनी और ईशान किशन के बल्ले से निकली इन पारियों ने विजय हजारे ट्रॉफी को रिकॉर्ड्स का अखाड़ा बना दिया है। सकीबुल बिहार टीम के कप्तान हैं, जबकि वैभव बिहार के ओपनर हैं। ईशान झारखंड से खेलते हैं, लेकिन उनका परिवार बिहार में रहता है और वह बिहार से हैं।

विज्ञापन

वैभव के बाद गनी का तूफान
पहले 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में शतक लगाकर विजय हजारे ट्रॉफी और लिस्ट-ए में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बने, लेकिन उनका यह रिकॉर्ड एक घंटे भी टिक नहीं पाया। बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने उसी मैच में उससे भी तेज बल्लेबाजी करते हुए केवल 32 गेंदों में शतक जड़ दिया और लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक अपने नाम कर लिया।

गनी ने 10 चौके और 12 छक्के जड़े
अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ इस मुकाबले में बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऐसा तूफान मचाया, जिसे रोक पाना विपक्षी गेंदबाजों के लिए नामुमकिन हो गया। बिहार ने 50 ओवर में छह विकेट पर 574 रन बना दिए, जो लिस्ट-ए क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इस ऐतिहासिक पारी की नींव वैभव सूर्यवंशी ने रखी, जिन्होंने 84 गेंदों पर 190 रन ठोके। उनकी पारी में 16 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। उनके साथ आयुष लोहारुका ने 56 गेंदों में 116 रन बनाए, जबकि पियूष सिंह ने 77 रनों का योगदान दिया।

हालांकि, मैच का सबसे बड़ा आकर्षण कप्तान सकीबुल गनी रहे, जिन्होंने महज 40 गेंदों पर नाबाद 128 रन बनाए और 32 गेंदों में शतक पूरा कर वैभव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गनी ने अपनी पारी में 10 चौके और 12 छक्के लगाए। 574 रन लिस्ट-ए क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर बन गया। इससे पहले लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर तमिलनाडु के नाम था। उसने 2022 में अरुणाचल के खिलाफ ही दो विकेट पर 506 रन बनाए थे।

विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे बड़े स्कोर

टीम स्कोर ओवर विरोधी मैदान तारीख
बिहार 574/6 50.0 अरुणाचल प्रदेश रांची 24 दिसंबर 2025
तमिलनाडु 506/2 50.0 अरुणाचल प्रदेश बेंगलुरु 21 नवंबर 2022
मुंबई 457/4 50.0 पुडुचेरी जयपुर 25 फरवरी 2021
महाराष्ट्र 427/6 50.0 मणिपुर जयपुर 5 दिसंबर 2023
पंजाब 426/4 50.0 हैदराबाद अहमदाबाद 3 जनवरी 2025

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर

टीम स्कोर ओवर विरोधी मैदान साल
बिहार 574/6 50.0 अरुणाचल प्रदेश रांची 2025
तमिलनाडु 506/2 50.0 अरुणाचल प्रदेश बेंगलुरु 2022
इंग्लैंड 498/4 50.0 नीदरलैंड्स एम्सटेलवीन 2022
सरे 496/4 50.0 ग्लूस्टरशायर द ओवल 2007
इंग्लैंड 481/6 50.0 ऑस्ट्रेलिया नॉटिंघम 2018
मुंबई 457/4 50.0 पुडुचेरी जयपुर 2021

 

विज्ञापन

ईशान किशन का जलवा
इसी बीच विजय हजारे ट्रॉफी के एक अन्य मुकाबले में झारखंड और कर्नाटक के बीच खेला गया मैच भी रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया। झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने कर्नाटक के खिलाफ विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 33 गेंदों में शतक जड़ दिया। ईशान की यह पारी भारतीय घरेलू क्रिकेट में अब तक की सबसे तेज पारियों में शामिल हो गई। उन्होंने 39 गेंदों पर 125 रन बनाए, जिसमें 14 छक्के और सात चौके शामिल थे। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर झारखंड ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 412 रन बनाए। ईशान लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया दूसरा सबसे तेज शतक अपने नाम कर लिया।

भारत के सबसे तेज लिस्ट-ए शतक

बल्लेबाज टीम गेंद
सकीबुल गनी बिहार 32
ईशान किशन झारखंड 33
अनमोलप्रीत सिंह पंजाब 35
वैभव सूर्यवंशी बिहार 36
यूसुफ पठान बड़ौदा 40
उर्विल पटेल गुजरात 41
अभिषेक शर्मा पंजाब 42
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें