हिंदुस्तान में क्रिकेट को धर्म और खिलाड़ियों को भगवान का दर्जा दिया जाता है। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को सिर-आंखों पर बिठा देते हैं। ऐसा ही नजारा राजकोट में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दौरान देखने को मिला।
मामला टेस्ट के पहले दिन का है। जब विराट कोहली के दो फैन सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए मैदान पर पहुंच गए। दरअसल, उस वक्त भारतीय कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजी कर रहे थे।
मैदान पर पहुंच कर इन युवकों ने विराट कोहली के साथ सेल्फी लेना भी शुरू कर दिया और वह इसमें कामयाब रहे। हालांकि, बाद में सुरक्षाकर्मियों ने मैदान में पहुंचकर इन युवकों को बाहर किया।
इन युवकों की वजह से कुछ देर खेल रूका रहा। इसके पहले भी आईपीएल के दौरान कोहली का एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान पर आ गया था और विराट के पैर छूने लगा था।
अब मैच के दूसरे दिन विराट ने 139 रन की जबरदस्त शतकीय पारी खेली और इस दौरान विश्व क्रिकेट के कई कीर्तिमान अपने नाम किए।