विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली इन दिनों मुंबई में क्वारंटीन अवधि पूरी कर रहे हैं। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ 2 जून को इंग्लैंड के दौरे पर जाएंगे, जहां वे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल मुकाबले खेलेंगे। ये मैच 18-22 जून के बीच होने हैं। इस बीच कोहली क्वारंटीन पीरियड के दौरान अपना कुछ समय फैंस को भी दिया। दरअसल, शनिवार (29 मई) टीम इंडिया के कप्तान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस के लिए सवाल जवाब का एक सेशन रखा था। इस दौरान कोहली ने प्रशंसकों के विभिन्न सवालों के जवाब दिए। एक फैन ने कोहली से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ उनकी बॉन्डिंग के बारे में सिर्फ दो शब्दों में बताने के लिए कहा। इस पर विराट ने लिखा, 'विश्वास और सम्मान।'
कोहली को कप्तान बनाने में धोनी की भूमिका
मालूम हो कि पिछले साल भी कोहली रविचंद्रन अश्विन के साथ इंस्टाग्राम लाइव पर आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि उन्हें टीम इंडिया का कप्तान बनाने में धोनी की अहम भूमिका रही है। कोहली ने धोनी की कप्तानी में साल 2008 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। इस दौरान धोनी की कप्तानी में कोहली को काफी कुछ सीखने को भी मिला। गौरतलब है कि कोहली ने अब तक 60 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की है। इस दौरान विराट की अगुवाई में टीम इंडिया 36 मैच जीतने में सफल रही। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पिछले कुछ वर्षों से क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
डब्ल्यूटीसी फाइनल जीतने की चुनौती
अब कोहली व उनकी टीम के सामने आईसीसी टूर्नामेंट जीतने की चुनौती है। भारतीय टीम 18 जून से साउथहैंप्टन के रोज बाउल स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ डब्ल्यूटीसी के फाइनल में उतरेगी। इस टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत आईसीसी ने पहली बार किया है। ऐसे में कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया फाइनल जीतने में सफल रहती है तो यह बड़ी उपलब्धि होगी।