गौरतलब है कि टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। जिसके जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स की फाफ डू प्लेसी की बेहतरीन पारी की बदौलत 5 गेंद शेष रहते ही 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
चेन्नई की इस रोमांचक जीत में फाफ डू प्लेसी ने अहम भूमिका निभाई और अपनी टीम को जीताकर आईपीएल 2018 के फाइनल में जगह पक्की कराई। इस मुकाबले में फाफ ने 42 गेंदों पर 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 67 रन की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली। आईपीएल के 11वें सीजन में फाफ डू प्लेसी ने चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से 14 मैचों में से सिर्फ 5 मैचों में अपना योगदान दिया। उन्होंने 5 मैचों में कुल मिलाकर 152 रन बनाए, जिसमें 1 अर्धशतक भी शामिल है।
बता दें कि आईपीएल के 11वें सीजन में चेन्नई सुपकिंग्स की तरफ से फाफ डू प्लेसी आठवें ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। फाफ के अलावा ड्वेन ब्रावो, सैम बिलिंग्स, शेन वॉटसन, अंबाती रायुडू, एमएस धोनी, रविन्द्र जडेजा और लुंगी एन्गिडी का नाम शामिल हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा मिले 140 रन के लक्ष्य की पीछा करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। 50 रन के भीतर ही सीएसके के 4 जबकि 100 रन के भीतर 7 विकेट गिर चुके थे। मगर ओपनर बल्लेबाज फाफ ने शुरू से लेकर आखिरी ओवर तक पिच पर डटे रहे। सीएसके बल्लेबाजी के दौरान पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने चेन्नई सुपरकिंग्स को शेन वॉटसन (0) के रूप में बड़ा झटका दिया।
इसके बाद चेन्नई सुपरकिंग्स के एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए लेकिन एक छोड़ पर फाफ टिके रहे। शुरुआत में तो उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की लेकिन बाद में उन्होंने अपने हाथ खोले और छक्के जड़कर टीम को जीत दिलाकर आईपीएल 2018 के फाइनल में पहुंचाई।