पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के आखिरी दो टी-20 मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस को आराम दिया गया है। बाकी के दो मैच के लिए डु प्लेसिस की जगह डेविड मिलर को कार्यवाहक कप्तान बनाया गया है।
बता दें कि तीन मैचों की सीरीज में मेजबान दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 6 रन से हराया था। सीरीज का दूसरा मैच रविवार को जोहानसबर्ग में खेला जाएगा।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक हैमिस्ट्रंग चोट की वजह से पांचवें वनडे और टी-20 से बाहर हो गए थे। उनकी जगह जानेमन मलान को टीम में शामिल किया गया है। मालूम हो कि हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को हराकर पांच मैचों की वन-डे सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।