इस बात की संभावना जताई जा रही है कि बीसीसीआई ऑस्ट्रेलियाई दौरे से पहले टीम इंडिया के लिए मोटेरा स्टेडियम में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेगा। इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के बहुप्रतीक्षित दौरे पर जाने से पहले अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में जैव-सुरक्षित वातावरण में भारतीय टीम का ट्रेनिंग कैंप लग सकता है।
प्रशिक्षण शिविर के लिए मोटेरा पसंदीदा क्यों?
शुक्रवार को बीसीसीआई की सर्वोच्च परिषद की बैठक के दौरान प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के लिए बंगलूरू की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी सहित कई स्थानों पर चर्चा की गई। अंतत: मोटेरा स्टेडियम पर सहमति बनी। मोटेरा के पास अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के साथ-साथ आलीशान आवास केंद्र भी हैं। एपेक्स काउंसिल के सदस्य ने एएनआई को बताया कि हम बंगलूरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में नहीं जा सकते, क्योंकि शहर मे कोविड -19 के मामलों में उछाल है। अहमदाबाद, एक ऐसी जगह है जहां हम जैव-सुरक्षित वातावरण के तहत एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया में उतरने के बाद टीम इंडिया के लिए बायो-सिक्योर प्रोटोकॉल क्या होगा?
फिलहाल जिस तरह से क्रिकेट की वापसी मैदान पर हो रही है। उसके हिसाब से खिलाड़ियों को दो सप्ताह तक क्वारंटीन रहना है। हालांकि भारतीय टीम का दौरा साल के आखिर में है, हो सकता है उस समय तक हालात में सुधार आए। बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली नहीं चाहते हैं कि खिलाड़ियों के लिए दौरे पर इतना लंबा क्वारंटीन समय हो। गांगुली ने इंडिया टूडे से बातचीत में कहा था कि हमें उम्मीद है कि क्वारंटीन के दिनों की संख्या थोड़ी कम हो जाएगी। क्योंकि हम नहीं चाहते कि हमारे खिलाड़ी दूर तक जाएं और दो सप्ताह के लिए होटल के कमरों में बैठें।
तैयारियों में जुटा है क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भी इस इस सीरीज के आयोजन के लिए तैयरियों में जुटा है। वह पूरी कोशिश में है कि कोरोना महामारी अगर कम नहीं हुई, तो भी इस सीरीज का आयोजन हो सके। यह सीरीज ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड के लिए अहम है, क्योंकि इस सीरीज के लेकर 300 मिलियन डॉलर का करार है। जिसमें प्रसारण अधिकार भी शामिल हैं। महामारी के कारण बोर्ड को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली सीरीज कर सकती है। इस सीरीज के आयोजन के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड में अपने समकक्षों के साथ संपर्क में हैं। वह यह समझ रहे हैं कि उन्होंने कोविड -19 के दौरान इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच चल रही टेस्ट सीरीज की जटिलताओं को कैसे संभाला है।