फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हेलिकॉप्टर शॉट से बढ़त बनाने की उम्मीद

Fri, 18 Jan 2013 11:28 PM IST
रांची/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर पहला मैच खेलेंगे। 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाले नवनिर्मित आईसीसी स्टेडियम में यह इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा। राजकोट में कांटे की टक्कर मिली हार के बाद कोच्चि में एकतरफा मिली जीत से तीसरे वन-डे से पहले धोनी के धुरंधरों का मनोबल ऊंचा है।
विज्ञापन


राजकोट के पहले मैच में 326 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया के हाथ से नौ रन से जीत फिसल गई थी। भारतीय टीम ने कोच्चि में दूसरा वन-डे 127 रन से जीता था। इंग्लैंड के रनों के अंतर से यह दूसरी सबसे बड़ी जीत थी। पांच मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है। लिहाजा सभी की निगाहें बढ़त बनाने पर होंगी।

बल्लेबाजों की मददगार पिच   
पिच के मिजाज को देखें को यह पिच सपाट और बल्लेबाजों की मददगार दिख रही है। हालांकि इस पिच के क्यूरेटर का कहना है कि यह एक जीवंत पिच है, जिसमें शुरुआती पल में गेंदबाजों को मदद मिलेगी। लिहाजा कोच्चि की तरह ही यहां भी धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट देखने को मिल सकता है। विश्व विजेता कप्तान का इस शहर में वही जलवा है, जो कोलकाता में सौरव गांगुली का होता है।
विज्ञापन


शीर्ष क्रम चिंता का सबब
भारतीय टीम की चिंता का कारण लगातार शीर्ष क्रम को नाकाम होना है। गौतम गंभीर, अजिंक्य रहाणे और विराट कोहली का बल्ला कई मैचों से खामोश है। इस सीरीज के आंकड़े देखें तो दो मैचों में तीनों ही बल्लेबाजों का औसत 30 से कम है। रहाणे ने दो मैचों में 25.50 की औसत से 51 रन बनाए है जबकि कोहली ने इतने ही मैचों में 26 की औसत से महज 52 रन बनाए हैं। गंभीर के नाम कुल 60 रन है और उन्होंने एक पचासा भी जड़ा है।  हालांकि टीम प्रबंधन शीर्ष क्रम के लगातार खराब प्रदर्शन बावजूद इनके क्रम में बदलाव को आश्वस्त नहीं है। फिर भी माना जा रहा है कि अगर टीम प्रबंधन और कप्तान के बीच राय बनी तो गंभीर को तीसरे क्रम पर और उनकी जगह पर विराट को बतौर ओपनर उतारा जा सकता है।
 
मध्यक्रम से फिर उम्मीद
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना और रविंद्र जडेजा का फार्म में लौटना टीम इंडिया को थोड़ी राहत जरूर देती है। धोनी और रैना का रन बनाने का औसत 50 से ऊपर है। धोनी ने दो मैचों में 52 के औसत से कुल 104 रन बनाए हैं, जिनमें कोच्चि में 66 गेंदों में बनाए गए 72 रन उनका सर्वाधिक स्कोर है। वहीं, रैना ने 2 मैचों में 52.50 की औसत से कुल 105 रन बनाए। कोच्चि में मैन ऑफ द मैच रहे जडेजा ने 68 के औसत से कुल 68 रन बनाए हैं, जिनमें कोच्चि में 37 गेंदों में खेली गई उनकी 61 रन की नाबाद पारी भी शामिल है। युवराज बड़ी पारी खेलने में अब तक नाकाम रहे हैं लेकिन उन्होंने दो मैचों में 46.5 की औसत से कुल 93 रन बनाए है, जिनमें उनका एक पचासा भी है। मध्यक्रम में इन चारों ही बल्लेबाजों से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद की जा सकती है।
 
शमी को मिल सकता है मौका  
पाकिस्तान के खिलाफ चार ओवर मेडन फेकने वाले शमी अहमद को यहां मौका मिल सकता है। वैसे टीम के पास भुवनेश्वर कुमार और रविचंद्रन अश्विन इस समय अच्छे गेंदबाज हैं जबकि टीम के पास अनुभव के रूप में इशांत शर्मा भी मौजूद हैं। लिहाजा धोनी के पास गेंदबाजी कांबिनेशन चुनना एक चुनौती होगी। गेंदबाजों को सपाट पिच पर अपनी छाप छोड़ना के लिए पसीना बहाना पड़ सकता है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें