अपने पहले कार्यकाल के दौरान मूडी
- फोटो : ट्विटर @OfficialSLC
मौजूदा वक्त में दुनिया के दिग्गज कोच टॉम मूडी को श्रीलंका ने अपना डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट चुना है। श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने रविवार को इसकी पुष्टि की। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर की नियुक्ति तकनीकी सलाहकार कमेटी की सिफारिश पर हुआ, उनका तीन साल का अनुबंध 1 मार्च 2021 से शुरू होगा।
करार के मुताबिक 300 दिन से पहले वह इस नई जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते। बतौर क्रिकेट निदेशक उन्हें श्रीलंका के भविष्य कार्यक्रम की समीक्षा करनी है। बर्बाद हो चुके घरेलू टूर्नामेंट के ढाचे को दोबारा खड़ा करना है। खिलाड़ियों के हित, कोचिंग, सपोर्ट स्टाफ, हाई परफॉर्मेंस और डाटा एनलिस्ट जैसे जरूरी विभागों पर ध्यान देना है।
इससे पहले भी श्रीलंका टॉम मूडी की कोचिंग सेवाएं ले चुका है। तब दो साल के अपने पिछले कार्यकाल में मूडी ने श्रीलंकाई टीम को 2007 के विश्व कप फाइनल में पहुंचाया था। कैरेबियाई द्वीप समूह में हुए उस 50 ओवर प्रारूप का विश्व कप ऑस्ट्रेलिया ने जीता था। यह कंगारुओँ का लगातार तीसरा खिताब भी था।
मूडी के सामने पहला लक्ष्य टी-20 विश्व कप होगा, जो इस साल भारत में होने वाला है। श्रीलंका में ही जून में एशिया कप भी प्रस्तावित था, जिसके स्थगित होने की भी चर्चाएं हैं। 55 वर्षीय इस कोच को इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के बेंच पर बैठा देखा जा सकता है। अब तक वह टीम के हेड कोच थे, लेकिन मौजूदा सीजन से डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की जिम्मेदारी निभाएंगे। इससे अलावा वह पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के भी मुख्य कोच के दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।