इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। दिन का खेल खत्म होने तक विंडीज ने अपनी पहली पारी में 47.1 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 137 रन बना लिए हैं।
स्टंप्स के समय कप्तान जेसन होल्डर (24*) और शेन डाउरिच (10*) रन बनाकर क्रीज पर थे। फिलहाल, विंडीज टीम इंग्लैंड की पहली पारी के आधार पर 232 रन पीछे है। बता दें कि खराब रोशनी के कारण दूसरे दिन का खेल जल्दी रोक दिया गया।
इससे पहले कल के स्कोर चार विकेट पर 258 रन से आगे खेलते हुए इंग्लैंड ने लगातार चार ओवरों में एक एक विकेट गंवाया और एक समय स्कोर आठ विकेट पर 280 रन हो गया। ओली पोप अपने कल के स्कोर 91 रन में कोई इजाफा नहीं कर सके और शतक से वंचित रह गए, उन्हें शेनोन गैब्रियल की गेंद पर स्लिप में जीवनदान मिला, लेकिन इसी तेज गेंदबाज ने अगले ओवर में उन्हें आउट किया।
केमार रोच के नाम खास रिकॉर्ड
क्रिस वोक्स (1) ने बाहर जाती गेंद से छेड़खानी की और तेज गेंदबाज केमार रोच को उनका 200वां टेस्ट विकेट मिला। रोच पिछले 26 सालों में 200 विकेट पूरे करने वाले वेस्टइंडीज के पहले गेंदबाज बने। 32 साल के रोच ओवरऑल 200 विकेट झटकने वाले वेस्टइंडीज के 9वें गेंदबाज बन गए, उन्होंने अपने 59वें टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल कर ली। रोच ने साल 2009 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। आखिरी गेंदबाज कर्टली एम्ब्रोज थे, जिन्होंने वर्ष 1994 में गयाना में इंग्लैंड के खिलाफ ही विकेटों का दोहरा शतक लगाया था।
अपने कल के स्कोर 56 रन से आगे खेलते हुए जोस बटलर 67 रन बनाकर गैब्रियल की गेंद पर दूसरी स्लिप में जैसन होल्डर को कैच दे बैठे। होल्डर ने रोच की गेंद पर जोफ्रा आर्चर (3) का भी कैच लपका। रोच ने 72 रन देकर चार विकेट लिए। ब्रॉड ने इंग्लैंड के लिए एक छोर संभाले रखा था, उन्होंने तेजी से रन बनाते हुए 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड के लिए सबसे तेज टेस्ट अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह संयुक्त तीसरे स्थान पर आ गए। ब्रॉड की 45 गेंद में 62 रन की पारी का अंत डीप में स्वीप शॉट लगाने के चक्का में हुआ, उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाने के साथ डोम बेस के साथ उपयोगी 76 रन जोड़े। बेस 18 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि एंडरसन आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज थे जिन्होंने 11 रन बनाए। इंग्लैंड ने पहले सत्र में 111 रन जोड़े।