इंग्लैंड के बल्लेबाज जोनाथन ट्रोट ने कहा कि हम भारतीय टीम को दूसरे टेस्ट में शिकस्त देकर कोलकाता 1-1 की बराबरी से जाना चाहते हैं।
ट्रोट ने कहा, ‘मेरे विचार से यह काफी अच्छा होगा कि हम दूसरा टेस्ट मैच जीते और कोलकाता 1-1 की बराबरी से जाए। यहां की परिस्थितियां थोड़ी अलग है। यहां बाऊंस और टर्न होगा लेकिन यह दोनों टीमों को मदद करेगा। हमारे लिए इस दौरे पर अच्छा क्रिकेट खेलना काफी अहम है।
हमें मैदान पर खुद को साबित करने की जरूरत है। हमारी नजर अब शुक्रवार पर है और हमारे पास यहां सीरीज 1-1 से बराबर करने का बढ़िया मौका है।’ वानखेड़े स्टेडियम की पिच के बारे में ट्रोट ने कहा, ‘मैंने विकेट देखी है और यह नेट विकेट की तरह लग रही है।
इस पर थोड़ा टर्न है। बॉल बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही है। विकेट में थोड़ा बाउंस भी है। अहमदाबाद में विकेट धीमा और नीचा था लेकिन यहां आपको थोड़ा बाउंस मिलेगा। उम्मीद करता हूं कि हमारे तेज गेंदबाज इस मौके को भुनाएंगे।’