पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को जॉनी बेयरस्टो (56) और एलेक्स हेल्स (82) ने 100 रन की साझेदारी करके शानदार शुरुआत दिलाई। थॉमस ने बेयरस्टो को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। थॉमस ने जल्द ही जो रूट (5) को विकेटकीपर होप के हाथों कैच आउट कराकर मेहमान टीम को दूसरा झटका दिया।
हेल्स 73 गेंदों में 8 चौके व दो छक्के की मदद से 82 रन बनाने के बाद नर्स की गेंद पर हेटमायर को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। 165 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान इयोन मॉर्गन (103) और जोस बटलर (150) ने तूफानी पारियां खेलकर इंग्लैंड को विशाल स्कोर तक पहुंचााया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज मॉर्गन ने केवल 88 गेंदों में 8 चौके और छह छक्के की मदद से 103 रन बनाए। बटलर ने सिर्फ 77 गेंदों में 13 चौके और 12 छक्कों के सहारे 150 रन पूरे किए। मॉर्गन और बटलर ने चौथे विकेट के लिए 204 रन की आतिशि साझेदारी की। कोटरेल ने होल्डर के हाथों कैच आउट कराके मॉर्गन की पारी का अंत किया। ब्रेथवेट ने बटलर को बोल्ड किया।
वेस्टइंडीज की तरफ से कार्लोस ब्रेथवेट और ओशाने थॉमस को दो-दो विकेट मिले। शेल्डन कोटरेल और एश्ले नर्स को एक-एक सफलता मिली।
419 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को क्रिस गेल (162) ने तूफानी शुरुआत दिलाई। हालांकि, दूसरे ओपनर जॉन कैंपबेल (15) और शाए होप (5) ज्यादा देर क्रीज पर उनका साथ नहीं निभा सके।
गेल ने डैरेन ब्रावो (61) को साथ लेकर इंग्लिश गेंदबाजों की खबर लेना शुरू की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 176 रन की साझेदारी की। 59 गेंदों में चार चौके और इतने ही छक्के की मदद से 61 रन बनाने वाले ब्रावो को वुड ने स्टोक्स के हाथों कैच आउट कराकर इस महत्वपूर्ण साझेदारी को तोड़ा।
गेल ने अपनी ताबड़तोड़ पारी जारी रखी और टीम को 300 रन के करीब पहुंचाया। उन्होंने सिर्फ 97 गेंदों में 11 चौके और 14 छक्कों की मदद से 162 रन बनाए। स्टोक्स ने बोल्ड करके बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर की पारी का अंत किया।
इसके बाद कार्लोस ब्रेथवेट (50) और एश्ले नर्स (43) ने टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने दमदार वापसी करते हुए मुकाबला 29 रन से अपने नाम किया। आदिल राशिद ने 48वें ओवर में चार विकेट झटककर वेस्टइंडीज को ऑलआउट किया। इंग्लैंड की तरफ से आदिल राशिद ने पांच जबकि मार्क वुड ने चार विकेट लिए। बेन स्टोक्स को एक विकेट मिला।