टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 191 रन का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया की तरफ से विराट कोहली ने 38 गेंदो में दो चौके और छह छक्कों की मदद से 72 रन की नाबाद पारी खेली।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी केएल राहुल और शिखर धवन की सलामी जोड़ी ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। मगर आठवें ओवर की पहली गेंद पर भारत को केएल राहुल के रूप में पहला झटका लगा। नाथन कोल्टर नाइल ने उन्हें झाय रिचर्डसन के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने 26 गेंदों में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 47 रन की शानदार पारी खेली। पहले विकेट के लिए रोहित और राहुल के बीच 61 रन साझेदारी हुई।
इसके बाद 9.2 ओवर में टीम इंडिया को शिखर धवन (14) के रूप में दूसरा झटका लगा। जेसन बेहरनडोर्फ ने धवन को मार्कस स्टोइनिस के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया।धवन के आउट होने के कुछ ही देर बाद ऋषभ पंत भी चलते बने। 11वें ओवर की पांचवी गेंद पर डार्सी शार्ट ने पंत (1) को झाय रिचर्डसन के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया को तीसरा झटका दिया।
इसके बाद विराट और धोनी की जोड़ी ने पारी को संभाला। मगर 20वें ओवर की पहली गेंद पर एमएस धोनी के रूप में भारत को चौथा झटका लगा। पैंट कमिंस ने उन्हें कप्तान आरोन फिंच के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। धोनी ने 23 गेंदों में तीन छौके और तीन छक्कों की मदद से 40 रन की शानदार पारी खेली। विराट और धोनी के बीच चौथे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी हुई।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच ने टीम इंडिया के खिलाफ दूसरे टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किया था।
कप्तान विराट कोहली ने रोहित शर्मा, मयंक मार्कंडेय और उमेश यादव की जगह शिखर धवन, विजय शंकर और सिद्धार्थ कौल को शामिल किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया था। बता दें कि विशाखापट्टनम में खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम को तीन विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
दोनों टीमें इस प्रकार हैंः
टीम इंडिया: शिखर धवन, लोकेश राहुल, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत, एमएस धोनी (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, विजय शंकर, क्रुणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, सिद्धार्थ कौल।
ऑस्ट्रेलिया: डार्सी शार्ट, मार्कस स्टोइनिस, आरोन फिंच (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, पीटर हैंड्सकोंब (विकेटकीपर), एश्टन टर्नर, नाथन कोल्टर नाइल, पैट कमिंस, झाय रिचर्डसन, जेसन बेहरनडोर्फ, एडम जंपा।