लॉर्ड्स टेस्ट के हीरो रहे फिरकी गेंदबाज यासिर शाह की लाज पाकिस्तान टीम ने नहीं बल्कि विपक्षी टीम इंग्लैंड ने बचा ली वरना उनकी स्थिति और गड़बड़ हो जाती। यासिर पिछले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन कर दुनिया के नंबर वन गेंदबाज बने थे।
लेकिन अगले ही मैच में उनकी फिरकी गेंदबाजी की धार फीकी होती दिखी। मैनचेस्टर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की पहली पारी में विकेट लेने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा फिर उन्होंने काफी ज्यादा रन भी दे डाले।
पहले दिन 31 ओवर यानी 186 गेंद डालने के बाद भी उनके खाते में एक विकेट भी नहीं आया। यह उनके करियर का सबसे कठिन समय है क्योंकि टेस्ट में उन्हें एक विकेट के लिए इससे पहले इतनी गेंद नहीं डालनी पड़ी थी। इस दौरान उन्होंने 111 रन भी खर्च कर डाले। फिर दूसरे दिन 45 गेंद डालने के बाद पहली सफलता हासिल कर सके।
इस तरह से यासिर को मैच का पहला विकेट अपनी 232वें गेंद पर मिला। खुद उन्होंने क्रिस वोग्स को कॉटएंडबोल्ड कर सफलता के इंतजार को खत्म किया। उन्हें यह सफलता अपने 38.4 ओवर यानी 232वीं गेंद पर मिली।
उनकी नाकामी यहीं पर खत्म नहीं हुई वो एक और अनचाहे रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे थे लेकिन जिस इंग्लैंड की टीम के बल्लेबाजों ने उन्हें खूब परेशान किया उसी ने उन्हें इस जलालत से बचा दिया।