प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 100 से अधिक शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज जॉन एडरिच का शुक्रवार को निधन हो गया। 83 साल की उम्र में उन्होंने उत्तरी स्कॉटलैंड के अपने घर पर अंतिम सांस ली। एडरिच इंग्लैंड के एक स्टार खिलाड़ी थे जिन्होंने कुल 77 टेस्ट मैचों में 43 की औसत से 5000 से अधिक रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 24 अर्धशतक लगाए थे। एडरिच ने 1965 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में 310 रनों की नाबाद पारी खेली थी जो आज भी टेस्ट में इंग्लैंड की तरफ से पांचवीं सबसे बड़ी पारी है।
एडरिच ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में रनों का अंबार लगाया था। उन्होंने 1956-78 के बीच खेले गए 564 मुकाबले में 45 की औसत से करीब 40 हजार रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 103 शतक और 188 अर्धशतक आए थे।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उनके निधन पर शोक जताते हुए उनके परिवार के साथ सहानुभूति जताई है।
जबकि इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर इयान बॉथम ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। बॉथम ने उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए उन्हें एक शानदार इंसान बताया। उन्होंने कहा कहा, 'क्रिसमस के दिन जॉन के निधन की खबर सुनकर दुःख हुआ।'
वहीं इंग्लैंड के ही पूर्व क्रिकेटर मार्क बुचर ने भी उनकी एक वीडियो शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सरे काउंटी क्रिकेट क्लब को महान खिलाड़ी बताया।
गौरतलब है कि एडरिच ने 1970-71 में मेलबर्न में खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच का पहला चौका लगाया था। इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट का पहला अर्धशतक लगाया था। उन्होंने 119 गेंदों में 82 रनों की पारी खेलते हुए पहला मैन ऑफ दी मैच का खिताब भी अपने नाम किया था। हालांकि वह अपने करियर में सिर्फ सात वनडे मुकाबले ही खेल पाए थे।