पाकिस्तान सुपर लीग में मंगलवार को दो विदेशी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टॉफ के एक सदस्य को कोविड वायरस पॉजिटिव पाया गया था। इनमें एक का नाम सामने आया है। इंग्लैंड के टॉम बेंटन उन दो विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हैं। फिलहाल बैंटन को पृथकवास में रखा गया है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी।
बेंटन ने ट्वीट किया, 'दुर्भाग्य से मैं कल कोरोना जांच में पॉजिटिव आया और अब मैं पृथकवास में हूं और पीएसएल प्रोटोकॉल का पालन कर रहा हूं। अच्छी बात है कि अभी तक मुझे कोई लक्षण नहीं हैं, मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं।'
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मीडिया निदेशक समी बर्ने ने मंगलवार को घोषणा की थी कि दो विदेशी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टॉफ के एक सदस्य को कोविड वायरस पॉजिटिव पाया गया था। तब बर्ने ने दोनों खिलाड़ियों और सहयोगी स्टॉफ के सदस्य के नाम का खुलासा नहीं किया था। इससे पहले सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर फवद अहमद भी पॉजिटिव आए थे।