बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू, फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की कंपनी फैंटम फिल्म्स तथा प्रतिभाओं की खोज करने वाली एक कंपनी समेत कुछ अन्य परिसरों पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापे मारे। इस लेकर कांग्रेस पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। इस क्रम में महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि आयकर विभाग के छापे को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ बोलने वालों की आवाज दबाने का प्रयास बताया है।
विरोध में बोलने वालों के खिलाफ हो रहा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल: एनसीपी
महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने बुधवार को कहा कि आयकर विभाग के छापे को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ बोलने वालों की आवाज दबाने का प्रयास बताया। मंत्री ने दक्षिण मुंबई में विधान भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा कि सरकार के खिलाफ रुख अपनाने वालों और शासन की नीतियों के विरुद्ध बोलने वालों के खिलाफ ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा।
उन्होंने कहा कि अनुराग कश्यप और पन्नू के परिसरों पर छापेमारी की गई। दोनों नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मुख्य प्रवक्ता मलिक ने कहा कि यह कार्रवाई उनकी आवाज को दबाने का प्रयास है।
कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के कैबिनेट मंत्री अशोक चव्हाण ने छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि ये देश के लिए कोई नई बात नहीं है। आजकल रोज का यह मामला हो गया है कि जो भी केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी राय रखता है उस पर दबाव बनाने का यह माध्यम हो गया है।
भाजपा का पलटवार
परंतु भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पलटवार किया है। नकवी ने कहा कि कांग्रेस तो उस वक्त भी सवाल पूछती है जब सेना के जवान आतंकियों को ढेर करते हैं। नकवी ने कहा कि जब सुरक्षाबल देश के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा करते हैं, तब भी कांग्रेस सवाल उठाती है। इसलिए जो एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं उन्हें स्वतंत्र होकर काम करने देना चाहिए और सवाल उठाने से बचना चाहिए।