पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। मेजबान इंग्लैंड इस सीरीज में फिलहाल 1-0 की बढ़त बनाए हुए हैं। दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा, लेकिन इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर हिस्सा नहीं लेंगे। बटलर दूसरे टी20 मैच के बाद अपने घर लंदन लौट गए थे। दरअसल, वह अपनी पत्नी लूसी की देखभाल के लिए वापस लौटे हैं। लूसी तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली हैं इसलिए बटलर ने पितृत्व अवकाश लिया है।
टी20 विश्व टीम के साथ रवाना होंगे बटलर
बटलर ने सोमवार को कार्डिफ में टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया था और उनके मंगलवार को होने वाले मैच में खेलने की उम्मीद नहीं है। अभी इस बारे में जानकारी नहीं मिली है कि बटलर सीरीज के अंतिम मैच में हिस्सा लेंगे या नहीं। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच चौथा टी20 मुकाबला गुरुवार को खेला जाना है। हालांकि यह साफ है कि बटलर टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को इंग्लैंड टीम के साथ वेस्टइंडीज की यात्रा करेंगे।
ग्रुप चरण के कुछ मैच नहीं खेलेंगे बटलर?
इंग्लैंड की टीम अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में बटलर की अगुआई में खेलने उतरेगी। बटलर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह बच्चे के जन्म के समय अपनी पत्नी के पास मौजूद रहेंगे। ऐसे में इंग्लैंड के लिए यह थोड़ी परेशानी वाली बात हो सकती है क्योंकि इंग्लैंड को इस वैश्विक टूर्नामेंट में पहला मुकाबला चार जून को बारबाडोस में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलना है। अगर बटलर इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हो सके तो टीम टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत नियमित कप्तान के बिना कर सकती है।
पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 में खेली थी शानदार पारी
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच चार मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, जबकि दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 23 रनों से हराया था। बटलर ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी और 51 गेंदों पर 84 रन बनाए थे। बटलर की अनुपस्थिति में तीसरे मैच में जॉनी बेयरस्टो के साथ विल जैक्स पारी की शुरुआत करने आ सकते हैं, जबकि बेन डकेत चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।