इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वॉइंट भी जुड़ गया है।
मैच अधिकारियों ने ब्रॉड पर आरोप लगाया था कि वह सोमवार को दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस के करीब पहुंच गए और उनके खिलाफ 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल किया। ब्रॉड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन किया जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा है।
बता दें कि पिछले 24 महीने में उनके साथ यह दूसरी बार हुआ है। इंग्लैंड ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज 3-1 से अपने नाम की। इस सीरीज के दौरान कागिसो रबाडा, जोस बटलर, वर्नोन फिलैंडर और बेन स्टोक्स पर आचार सहिंता के उल्लंघन के लिए सजा दी गई।
इससे पहले चौथे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका पर इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के दौरान धीमी ओवर गति के कारण मैच शुल्क का 60 प्रतिशत जुर्माना लगा था। साथ ही सजा के रूप में दक्षिण अफ्रीका के आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में छह अंक भी काटे गए।