इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के आखिरी दिन जबरदस्त गेंदबाजी की। उनकी खतरनाक रिवर्स स्विंग और सटीक लेंथ से की गई गेंदबाजी ने भारतीय मध्यक्रम को तोड़ दिया और इंग्लैंड को एक विशाल जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करने के बावजूद इंग्लैंड के इस दिग्गज गेंदबाज को दूसरे टेस्ट में बाहर बैठना पड़ सकता है। टीम के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड का मानना है कि जेम्स एंडरसन की फिटनेस में कोई कमी नहीं है और अगर 40 पार करने के बाद भी 38 वर्ष का यह तेज गेंदबाज इंग्लैंड के तेज आक्रमण की अगुवाई करता है तो उन्हें हैरानी नहीं होगी।
इंग्लैंड के कोच ने आनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘वह पूरी तरह से फिट है और दिख भी रहा है। उसने इस पर काफी मेहनत की है। फिट होने के साथ वह बेहतरीन गेंदबाजी भी कर रहा है।’
सिल्वरवुड ने कहा, ‘जब तक वह फिट है, मजबूत और स्वस्थ है और खेलना चाहता है, वह खेल सकता है। है कि नहीं।’
एंडरसन को जबरदस्त फॉर्म के बावजूद रोटेशन नीति के तहत दूसरे टेस्ट में आराम दिया जा सकता है। कोच ने कहा, ‘उसे बाहर रखना कठिन है। मैं विजयी टीम में बदलाव नहीं करना चाहता। देखते हैं कि क्या होता है।’ उन्होंने कहा कि गर्मी और उमस के बीच गेंदबाजों को तरोताजा रखने के लिए रोटेशन सही विकल्प है।
उधर तेज गेंदबाज एंडरसन ने भी दूसरे टेस्ट से बाहर रहने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि जब बल्लेबाज लय में होता है तो वो लगातार बल्लेबाजी करना चाहता है, ऐसा ही कुछ गेंदबाज के साथ भी है।
एंडरसन ने आगे कहा, 'आप अपना खेल जारी रखना चाहते हैं लेकिन मैं यह जानता हूं कि हमें यहां लगातार चार मैच खेलने हैं, ऐसे में आराम भी जरूरी है, इसलिए मैं कुछ भी मानकर नहीं चल रहा हूं।