इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज से पहले बड़ा फैसला लिया है। ओवरटन ने टेस्ट क्रिकेट से अनिश्चितकालीन ब्रेक लिया है। ओवरटन के फैसले का कारण तीनों प्रारूपों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध नहीं हो पाना है। 31 वर्षीय ओवरटन ने दो टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान ओवल में खेले गए मैच में हिस्सा लिया था।
ओवरटन ने एक्स पर कहा, काफी सोच-विचार के बाद मैंने लाल गेंद के क्रिकेट से अनिश्चितकालीन ब्रेक लेने का फैसला किया है। मेरे करियर के इस पड़ाव पर 12 महीने के कैलेंडर में क्रिकेट की जरूरत को देखते हुए शारीरिक और मानसिक रूप से हर स्तर पर सभी प्रारूपों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध होना अब संभव नहीं है। भविष्य में मेरा ध्यान सफेद गेंद वाले क्रिकेट पर रहेगा और जब तक संभव हो मैं उच्चतम स्तर पर खेलने के लिए अपना सब कुछ देना जारी रखूंगा।
ओवरटन ने 2022 में शुरू हुए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में केवल छह वनडे और 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हैं और हाल ही में इंग्लैंड में द हंड्रेड में लंदन स्पिरिट के लिए खेल रहे थे। प्रथम श्रेणी करियर से ब्रेक लेने का उनका फैसला वैश्विक स्तर पर टी20 लीग के लिए उपलब्ध होने के लिए अपने कैलेंडर को खाली रखने के कारण हो सकता है।