सलामी बल्लेबाज बेन डकेट की शानदार बल्लेबाजी की मदद से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 352 रनों का लक्ष्य रखा। डकेट ने इस मैच में बेहतरीन खेल दिखाया और 143 गेंदों पर 17 चौकों और तीन छक्के की मदद से 165 रन बनाए। डकेट की पारी के दम पर ही इंग्लैंड 50 ओवर में आठ विकेट पर 351 रन बनाने में सफल रहा। यह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है। इंग्लैंड ने लाहौर में खेल जा रहे इस मुकाबले में दमदार बल्लेबाजी की और 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा दिया। चैंपियंस ट्रॉफी में इससे पहले सबसे बड़ा टोटल न्यूजीलैंड ने अमेरिका के खिलाफ 2004 में द ओवल में खेले गए मैच में बनाया था। न्यूजीलैंड ने उस वक्त चार विकेट पर 347 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने हालांकि पिछले सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ा दिया है।
डकेट-रूट की शानदार साझेदारी
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया। बेन ड्वार्शुइस ने इंग्लैंड को दो झटके दिए, लेकिन डकेट ने जो रूट के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की और इंग्लैंड को संभाला। डकेट के अलावा जो रूट ने 78 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 68 रन बनाए। रूट और डकेट के बीच तीसरे विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी हुई। रूट और बेन डकेट के बीच शानदार साझेदारी हुई जिसे जैम्पा ने तोड़ा।
इंग्लैंड की पारी
डकेट और रूट के अलावा इंग्लैंड का कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। इन दोनों के अलावा इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने 23, जैमी स्मिथ ने 15, लियाम लिविंगस्टोन ने 14, फिल सॉल्ट ने 10, ब्रायडन कार्स ने 8 और हैरी ब्रूक ने 3 रन बनाए। वहीं, जोफ्रा आर्चर 10 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 21 रन और आदिल राशिद एक रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज ड्वार्शुइस ने 66 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि स्पिनर एडम जैम्पा और मार्नस लाबुशेन को दो-दो विकेट मिला। इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल भी एक विकेट लेने में सफल रहे।
डकेट ने रूट को पीछे छोड़ा
डकेट ने इस मैच में अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया और वह चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। डकेट से पहले यह रिकॉर्ड जो रूट के नाम था जिन्होंने 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 133 रनों की पारी खेली थी। डकेट इस मैच में अलग ही लय में नजर आए और उन्होंने दमदार बल्लेबाजी की। डकेट इसके साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी के एक मैच में 150 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
पाकिस्तान में सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज
डकेट पाकिस्तान में वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में एंड्रयू हुडसन को पीछे छोड़ा जिन्होंने 1996 में नीदरलैंड के खिलाफ रावलपिंडी में 161 रन बनाए थे। पाकिस्तान में सर्वोच्च वनडे स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज गैरी कस्टर्न के नाम है जिन्होंने 1996 में यूएई के खिलाफ नाबाद 188 रन बनाए थे।