वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम का एलान कर दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज खेलने वाली इंग्लिश टीम में आठ बदलाव किए गए हैं। इंग्लैंड की टीम से अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड को बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा डेविड मलान, जोश बटलर और सेम बिलिंग्स जैसे खिलाड़ियों को भी टीम में जगह नहीं दी गई है।
इंग्लैंड क्रिकेट के अंतरिम प्रबंध निदेशक एंड्रयू स्ट्रॉस, अंतरिम मुख्य कोच पॉल कॉलिंगवुड और हेड स्काउट जेम्स टेलर की अगुवाई वाली चयन समिति ने मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों के लिए 16 सदस्यीय टीम का एलान किया है। डरहम के सलामी बल्लेबाज एलेक्स लीज और यॉर्कशायर के तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर को पहली बार टीम में शामिल किया गया है।
वीज और फिशर को अच्छे प्रदर्शन का ईनाम
28 वर्षीय लीज ने ऑस्ट्रेलिया में लायंस टीम की कप्तानी की थी और पिछले कुछ वर्षों में डरहम और पहले यॉर्कशायर के साथ एलवी इंश्योरेंस काउंटी चैम्पियनशिप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पिछले साल चैंपियनशिप में 129 के उच्चतम स्कोर के साथ 625 रन बनाए थे। 24 वर्षीय फिशर ने पिछले सीजन में यॉर्कशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप में 19.65 की औसत से 20 विकेट लिए थे। गेंद के साथ उनके नियंत्रण ने सभी को प्रभावित किया है।
साकिब महमूद और मैथ्यू पार्किंसन भी इस सीरीज अपना टेस्ट डेब्यू करेंगे। ये दोनों पहले भी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। सरे के विकेटकीपर बेन फोक्स ने टीम में वापसी की है। उन्होंने भारत के खिलाफ पिछले साल मार्च में अपना आखिरी टेस्ट खेला था।
इंग्लैंड की टीम में आठ बदलाव
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में खेलने वाले आठ खिलाड़ी इंग्लैंड की टीम का हिस्सा नहीं हैं। इसमें जेम्स एंडरसन, डोम बेस, सैम बिलिंग्स, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्स, जोस बटलर, हसीब हमीद और डेविड मालन शामिल हैं। इंग्लैंड क्रिकेट के अंतरिम प्रबंध निदेशक, एंड्रयू स्ट्रॉस ने कहा कि एशेज में हार के बाद इंग्लैंड की टीम को तरोताजा किया जा रहा है। अब नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के करियर का अंत नहीं है। जेम्स और स्टुअर्ट ब्राड के अनुभव और क्षमता पर किसी को संदेह नहीं है। यह नए प्रबंध निदेशक और स्थायी मुख्य कोच पर निर्भर करेगा कि वे इस गर्मी और उसके बाद शामिल होंगे या नहीं।
इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। चैंपियनशिप के दूसरे संस्करण में निराशाजनक शुरुआत के बाद जो रूट की टीम रैंकिंग पर ऊपर आने की कोशिश करेगी। दो साल के बाद अंत में, शीर्ष दो टीमें 2023 में होने वाले आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेलेंगी। इस टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम 24 फरवरी को वेस्टइंडीज के लिए रवाना हो सकती है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिे इंग्लैंड की टीम
जो रूट (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, जैक क्रॉउली, मैथ्यू फिशर, बेन फोकस, डैन लॉरेंस, जैक लीच, एलेक्स लीस, साकिब महमूद, क्रैग ओवरटन, मैथ्यू पार्किंसन, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।