एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट में मूलभूत बदलाव किए जा रहे हैं। इंग्लैंड क्रिकेट के डायरेक्टर एशले जाइल्स के बाद पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड को भी उनके पद से हटा दिया गया है। अब इंग्लैंड के वेस्टइंडीज दौरे के लिए अस्थायी कोच की नियुक्ति जल्द ही की जाएगी। हाल ही में एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज 4-0 से जीती थी। सिडनी में खेला गया एक मैच ड्रॉ हुआ था। इस मैच में भी इंग्लैंड की टीम हार के बेहद करीब थी।
ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम हैरिसन ने कहा "क्रिस ने अपने कार्यकाल को सफल बनाने के लिए सब कुछ झोंक दिया है। वह ईमानदार व्यक्ति हैं, जिनके साथ काम करने में खिलाड़ियों और कर्मचारियों को काफी मजा आया। क्रिस के कोच रहने के दौरान इंग्लैंड की टीम वनडे और टी-20 में पहले और दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं उन्होंने टेस्ट टीम को भी कई सीरीज में जीत दिलाई, जिसमें दक्षिण अफ्रीका श्रीलंका की सीरीज जीत शामिल है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में बेहद लचीलेपन और सहानुभूति के साथ इंग्लैंड की टीम का नेतृत्व किया। वह ईमानदारी से धन्यवाद और आभार के हकदार हैं।"
इंग्लैंड क्रिकेट के सीईओ ने आगे कहा कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस वेस्टइंडीज दौरे के लिए एक कार्यवाहक कोच नियुक्त करेंगे। इसके बाद टीम के लिए योग्य कोच की नियुक्ति की जाएगी।
सिल्वरवुड बोले- रूट और मॉर्गन के साथ काम करके मजा आया
सिल्वरवुड ने सभी खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा "इंग्लैंड का मुख्य कोच बनना सम्मान की बात रही है। मुझे अपने खिलाड़ियों और कर्मचारियों के साथ काम करने पर बेहद गर्व है। मैं उन सभी को कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, जो उन्होंने मेरे समय के दौरान की है। साथ ही मैं उन सभी को आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं देता हूं। पिछले दो साल काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं, लेकिन मैंने वास्तव में टीम के साथ और रूट और मोर्गन के साथ काम करने का मजा लिया है। मैं अच्छी यादों के साथ अलविदा कह रहा हूं। अब मैं अपने परिवार के साथ घर पर कुछ समय बिताऊंगा और आगे के काम की तरफ देखूंगा।"
एशेज के प्रदर्शन पर हुई मीटिंग के बाद जाइल्स ने दिया था इस्तीफा
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के डायरेक्टर एशले जाइल्स ने एशेज में टीम के खराब प्रदर्शन की समीक्षा के बाद अपने पद से इस्तीफा दिया था। उनकी जगह एंड्यू स्ट्रॉस को टीम का अंतरिम डायरेक्टर बनाया गया है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड जल्द ही इस पद के लिए योग्य व्यक्ति की खोज करेगा। जाइल्स ने 2018 में स्ट्रॉस के बाद इंग्लैंड टीम के डायरेक्टर का पद संभाला था। जाइल्स के इस्तीफे के समय ही कहा गया था कि टीम के कोच क्रिस सिल्वरवुड की जगह पर भी चर्चा हो रही है और अब उन्हें भी हटा दिया गया है।
टीम के कप्तान जो रूट ने एशेज सीरीज में हार के बाद टेस्ट टीम का कप्तानी बने रहने और चीजों को बेहतर करने की इच्छा जताई थी। वो अभी भी टीम के कप्तान बने हुए हैं। नया कोच आने पर रूट को भी उनके पद से हटाया जा सकता है।