कोरोना महामारी के चलते चार माह से भी ज्यादा समय से ठप पड़ी क्रिकेट गतिविधियां चंद दिन में ही शुरू होने वाली है। 8 जुलाई से वेस्टइंडीज के इंग्लैंड दौरे का आगाज हो जाएगा। साउथैम्पटन के द रोज बाउल स्टेडियम में होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने 13 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। जो रूट की गैर मौजूदगी में इंग्लिश टीम की कप्तानी पहली बार बेन स्टोक्स करेंगे। जेम्स एंडरसन, जोस बटलर और स्टुअर्ट ब्रॉड जैसे सीनियर खिलाड़ी स्टोक्स को कप्तानी में मदद करेंगे। हैरान करने वाली बात है कि इस 13 सदस्यीय टीम में जॉनी बेयरस्टो और मोईन अली जैसे बड़े नाम शामिल नहीं है।
इन खिलाड़ियों को मिली जगह
बेन स्टोक्स (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जोफ्रा आर्चर, डॉम बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), जाक क्रॉले, जो डेनली, ओली पोप, डॉम सिबले, क्रिस वोक्स, मार्क वुड। रिजर्व खिलाड़ी: जेम्स ब्रेसी, सैम करन, बेन फोक्स (विकेटकीपर), डैन लारेंस, जैक लीच, साकिब महमूद, क्रेग ओवरटन, ओली रोबिनसन और ओली स्टोन।
मोईन अली और जैक लीच की जगह बेस को मौका
स्पिनर बेस को ट्रेनिंग के दौरान शानदार प्रदर्शन के आधार पर टीम में शामिल किया गया। लीच नौ खिलाड़ियों के रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं, लेकिन इनसे ज्यादा अनुभवी मोईन को इसमें जगह नहीं दी गई।