फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: सीरीज से पहले बटलर ने की रोहित की तारीफ, बोले - वनडे में आक्रामक खेलने का श्रेय उन्हें जाता है

Wed, 05 Feb 2025 09:13 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नागपुर

सार

रोहित ने 2023 वनडे विश्व कप में आक्रामक प्रदर्शन किया था और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की कोशिश करते थे। उन्होंने 125.94 के स्ट्राइक रेट और 54.27 के औसत से 597 रन बनाए थे।
विज्ञापन
जोस बटलर - फोटो : ECB
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत हो रही है, लेकिन इससे पहले मेहमान टीम के कप्तान जोस बटलर ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की सराहना की है। बटलर का कहना है कि भारतीय खिलाड़ियों के वनडे में आक्रामक तरीके से खेलने का श्रेय रोहित को जाता है। बटलर ने साथ ही कहा कि हाल के दिनों में सीमित ओवरों के क्रिकेट में संघर्ष करने के बावजूद इंग्लैंड आक्रामक अंदाज में खेलना जारी रखेगा। 
विज्ञापन

रोहित ने वनडे विश्व कप में किया था आक्रामक प्रदर्शन 
रोहित ने 2023 वनडे विश्व कप में आक्रामक प्रदर्शन किया था और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की कोशिश करते थे। उन्होंने 125.94 के स्ट्राइक रेट और 54.27 के औसत से 597 रन बनाए थे। टूर्नामेंट के दौरान रोहित आक्रामक अंदाज में नजर आए थे और पहले ही ओवर से गेंदबाज के खिलाफ आक्रामक शॉट खेलते रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी रोहित ने 31 गेंदों पर 47 रन बनाए थे। 

बटलर ने कहा, अगर मैं वनडे विश्व कप की बात करूं तो फाइनल में पहुंची दोनों टीमों ने सकारात्मक और आक्रामक क्रिकेट खेली थी। आपने देखा होगा कि ट्रेविस हेड ने फाइनल में बल्ले से किस तरह का प्रदर्शन किया था और वह सफल भी रहे थे। जाहिर है कि कप्तान के तौर पर रोहित ने जिस तरह का खेल दिखाया और भारतीय खिलाड़ियों को आक्रामक खेलने के लिए प्रेरित किया, उसका श्रेय उन्हें दिया जाना चाहिए। हम भी उसी तरह का क्रिकेट खेलने जा रहे हैं। 

बटलर को रूट से महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद 
बटलर का यह भी मानना है कि अनुभवी बल्लेबाज जो रूट भारत के खिलाफ वनडे सीरीज और उसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी जिसमें उसे 1–4 से हार का सामना करना पड़ा था। बटलर को हालांकि विश्वास है कि अब तक 171 वनडे खेल चुके रूट की मौजूदगी में टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। बटलर ने कहा, रूट इस खेल के महान खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्होंने सभी प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह लंबे समय से इंग्लैंड की वनडे टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्हें वनडे क्रिकेट में खेलने का व्यापक अनुभव है जिसका हमारी टीम में कम अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों को भी फायदा मिलेगा। उम्मीद है कि वह आगामी मैचों में टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
विज्ञापन

इंग्लैंड की टीम इस वनडे सीरीज से चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी को भी अंतिम रूप देने की कोशिश करेगी जहां उसे अपना पहला मैच 22 फरवरी को लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। बटलर ने कहा, जैसा कि किसी भी टूर्नामेंट के लिए तैयारी की जाती है, मुझे लगता है कि भारत से उसके घरेलू मैदानों पर मुकाबला करना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है और जितनी अच्छी तैयारी हो सके उतनी अच्छी होती है। भारत की परिस्थितियां काफी हद तक पाकिस्तान से मिलती-जुलती हैं। प्रत्येक मैदान की अपनी कुछ विशेषता होती है और हम हमेशा परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने का प्रयास करते हैं। हम बल्लेबाजी में विरोधी टीम पर दबाव बनाने के तरीके ढूंढना चाहते हैं। यह अपने रणनीति पर अमल करने से जुड़ा है फिर चाहे आप आक्रामक क्रिकेट खेलते हो या रक्षात्मक।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें