इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं होने से निराश हैं। स्टोक्स का कहना है कि इस महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज में कोहली जैसे प्रतिस्पर्धी का सामना नहीं करना शर्म की बात है। स्टोक्स का मानना है कि इस दिग्गज स्टार की अनुपस्थिति से भारतीय टीम में उनके जुझारूपन और जीतने की इच्छा की कमी दिखेगी।
कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से लिया है संन्यास
कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टेस्ट प्रारूप से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। उनसे पहले रोहित शर्मा ने भी लाल गेंद के प्रारूप को अलविदा कह दिया था। इससे भारत को दोहरा झटका लगा था और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुभमन गिल के नेतृत्व में भारतीय टीम का एलान किया था। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से खेला जाएगा।
स्टोक्स ने बताया- भारत को किस चीज को खलेगी कमी
इंग्लैंड क्रिकेट द्वारा जारी एक वीडियो में स्टोक्स ने बताया कि कोहली के संन्यास से भारत को किस चीज की कमी खलेगी। स्टोक्स ने कहा, भारत को मुकाबलों के दौरान उनके जुझारूपन, उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता और जीतने की उनकी इच्छा की कमी खलेगी। उन्होंने 18 नंबर की जर्सी को अपना नंबर बना लिया है। किसी भारतीय टी शर्ट के पीछे 18 नंबर नहीं देखना थोड़ा अजीब होगा। वह लंबे समय से उनके लिए शानदार रहे हैं।
स्टोक्स ने कोहली को भेजा था संदेश
अपने करियर के दौरान कोहली टेस्ट क्रिकेट के सबसे बड़े एंबेस्डर रहे हैं और ऐसे समय में जब खेल का छोटा प्रारूप टी20 क्रिकेट परिदृश्य पर हावी हो रहा है, ऐसे में पारपंरिक प्रारूप के लिए उनके समर्थन से खेल के समर्थक बहुत खुश थे। स्टोक्स भी पांच दिवसीय प्रारूप के लिए अपना लगाव व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोहली के संन्यास की घोषणा के बाद उन्होंने कोहली को लिखित संदेश भेजा था। स्टोक्स ने कहा, मैंने उन्हें लिखित संदेश भेजा और इसमें कहा था कि उनके खिलाफ नहीं खेलना निराशाजनक होगा क्योंकि मुझे उनके खिलाफ खेलना पसंद है। हम दोनों एक-दूसरे के खिलाफ खेलना पसंद करते हैं क्योंकि जब हम मैदान पर होते हैं तो हमारी मानसिकता एक जैसी होती है कि यह मैच एक लड़ाई है।