कप्तान इयोन मोर्गन (57) और जो रूट (47) की शानदार बल्लेबाज के दम पर रविवार को इंग्लैंड ने पहले टी-20 मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से धूल चटा दी। इस तरह विश्व कप 2019 से पहले इंग्लैंड ने जीत की हुंकार भर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है।
मैच में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को जीत के लिए 174 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे इंग्लैंड ने सात विकेट और चार गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने शानदार हाफ सेंचुरी लगाई और अपनी टीम को जिता कर ही पवेलियन लौटे। साथ ही जो रूच ने 47 रन की मददगार पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाक की खराब शुरूआत हुई और दूसरे ही ओवर में फखर जमां कॉम कुरैन की गेंद पर कप्तान मोर्गन के हाथों लपक लिए गए। फखर छह गेंदों पर केवल 7 रन बना सके। इसके बाद पांचवे ओवर में इमाम उल हक (7) के आउट होने से पाकिस्तान को एक और झटका लग गया।
इसके बाद हैरिस सुहैल (50) और बाबर आजम (65) ने पाकिस्तान की टीम को संभाला। दोनों के बीच 103 रनों की शानदार साझेदारी की और टीम का स्कोर 16वें ओवर में 134 कर दिया। यहां पर सुहैल अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ज्योफ्रा आर्चर का शिकार बने। अंतिम ओवरों में इमान वसीम (18) और फहीम अशरफ (17) की पारियों की मदद से पाकिस्तान 20 ओवर में 173 रन बना सका। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने दो और टॉम कुरैन के साथ क्रिस जोर्डन ने एक-एक विकेट लिया।