पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला भी इंग्लैंड ने 26 रन से जीत लिया है। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। इंग्लैंड ने 22 साल बाद पाकिस्तान में कोई टेस्ट सीरीज जीती है। वहीं, बेन स्टोक्स इंग्लैंड के तीसरे कप्तान बने हैं, जिन्होंने अपनी टीम को यहां टेस्ट सीरीज जिताई है। स्टोक्स से पहले नासिर हुसैन और टेड डेक्सटर ने इंग्लैंड को पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज जिताई है।
इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। बेन डकेट के 63, ओली पोप के 60 रनों के अलावा कप्तान स्टोक्स 30, विल जैक्स 31 और मार्क वुड के 36 रन की बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में 281 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद ने सात और जाहिद महमूद ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 202 रन बना पाई और 79 रन से पिछड़ गई। कप्तान बाबर ने 75 और सौद शकील ने 63 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। 22 रन बनाने वाली फहीम अशरफ टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इंग्लैंड के लिए जैक लीच ने चार, मार्क वुड और जो रूट ने दो-दो विकेट लिए। एंडरसन को एक विकेट मिला।
अपनी दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 275 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने 355 रन का लक्ष्य रखा। दूसरी पारी में इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने 108 रन बनाए। बेन डकेट ने 79 और कप्तान स्टोक्स ने 41 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के अबरार अहमद ने चार और जाहिद महमूद ने तीन विकेट लिए। नवाज को एक विकेट मिला। वहीं दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
355 रन का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की। शफीक और रिजवान की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़ दिए। रिजवान 30 और शफीक 30 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान बाबर एक रन बनाकर आउट हो गए। सौद शकील ने 94 और इमाम उल हक ने 60 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन इसके बाद कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नवाज ने 45 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थे। अंत में पाकिस्तान की टीम 328 रन ही बना पाई और 26 रन से हार गई। इंग्लैंड के लिए मार्क वुड ने चार विकेट लिए। जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिंसन को दो-दो विकेट मिले। जैक लीच और जो रूट ने एक-एक विकेट लिया।
पहली बार इंग्लैंड में लगातार दो मैच जीता इंग्लैंड
इंग्लैंड की टीम पहली बार पाकिस्तान में लगातार दो मैच जीती है। पाकिस्तान की धरती पर इंग्लैंड की टीम चौथा टेस्ट मैच जीती है। इससे पहले 1961 और 2000 में इंग्लैंड ने पाकिस्तान की धरती पर टेस्ट मैच जीता था। अब इंग्लैंड के पास पहली बार पाकिस्तान को उसके घर में क्लीन स्वीप करने का मौका है। वहीं, पाकिस्तान की टीम 1959 के बाद पहली बार अपने घर में लगातार तीन टेस्ट मैच हारी है। वहीं, बेन स्टोक्स ने अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को नौ में से आठ मैच जिताए हैं।
इस हार के साथ ही पाकिस्तान के लिए टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की राह बेहद मुश्किल हो गई है, जबकि भारत के लिए अब फाइनल की राह थोड़ा आसान है। अगर दक्षिण अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलिया से हार जाती है और भारत अपने घर में ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है तो टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने का मौका रहेगा।