37.2 ओवर में 147 के स्कोर तक न्यूजीलैंड के 8 विकेट गिर चुके थे और पूरे ओवर खेलना भी मुश्किल लग रहा था। लेकिन यहीं से पिछले मैच में अपनी आतिशी पारी से टीम को जीत दिलाने वाले मिचेल सैंटनर ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने 9वें विकेट के लिए लोकी फर्ग्युसन के साथ मिलकर 69 रनों की साझेदारी की।
बेन स्टोक्स ने फर्ग्युसन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद न्यूजीलैंड की पूरी टीम 224 रन पर सिमट गई। मिचेल सैंटनर ने 52 गेंदों पर 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा कोलिन डी ग्रांडहोम ने भी 38 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स, मोइन अली और बेन स्टोक्स ने 2-2 विकेट लिए। इंग्लैंड ने इस मैच में काफी बेहतरीन फील्डिंग की और 4 रन आउट किए।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को भी पहला झटका मात्र 3.3 ओवरों में 15 रन के स्कोर पर लग गया। सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय 8 रन बनाकर
ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर मिचेल सैंटनर को कैच थमा बैठे। 86 के स्कोर तक इंग्लैंड ने 3 विकेट गंवा दिए हालांकि इसके बाद कप्तान
इयोन मोर्गन और ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने चौथे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया।
मोर्गन ने 63 गेंदों पर 62 रन बनाए और बेन स्टोक्स ने नाबाद 63 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो ने भी 37 रनों की पारी खेली। जॉस बटलर ने 20 गेंदों पर 36 रनों की तेज पारी खेली और छक्के से टीम को जीत दिलाई।