अफगान टीम ने मैच के अंत तक अपना जोरदार दमखम दिखाया, लेकिन मोइन अली के हरफनमौला खेल के दम पर इंग्लैंड यह मैच 15 रन से जीतने में कामयाब रहा। अफगानिस्तान को भले ही तीसरे मैच में भी हार मिली हो, लेकिन एक बार फिर उसने साबित कर दिया है कि उसमें जल्द ही बड़ी टीम बनने की क्षमता है।
अफगान गेंदबाजों ने इंग्लैंड को शुरुआत में खूब झटके दिए जिससे उनके 6 विकेट सिर्फ 57 रन ही गिर गए थे लेकिन इसके बाद मोइन अली (नाबाद 41) ने दमदार पारी खेलकर न सिर्फ टीम को खराब संकट से उबारा बल्कि गेंदबाजी में भी कमाल कर टीम को आसान जीत दिला दी। अफगान बल्लेबाज शफीकुल्लाह (नाबाद 35 रन, 20 गेंद, 4 चौका और 2 छक्का) ने अंतिम ओवर्स में कुछ बड़े शॉट लगाकर उलटफेर की संभावना बना दी थी लेकिन अनुभवी इंग्लिश गेंदबाजों ने ऐसा नहीं होने दिया।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 142 रन बनाए, जिसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम इतने ही ओवर में 9 विकेट पर 127 रन ही बना सकी। सुपर-10 के ग्रुप-ए में शामिल इंग्लैंड की टूर्नामेंट में 3 मैचों में यह दूसरी जीत है।