महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 12 जून से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट से पहले वॉर्म-अप मुकाबले खेले जा रहे हैं। बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में भारतीय महिला टीम को करारी शिकस्त मिली। इंग्लैंड ने उन्हें पांच रन से हरा दिया। कार्डिफ में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की महिला टीम ने एमी जोन्स और नेट शीवर ब्रंट की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में भारतीय महिला टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 166 रन बना सकी। उनके लिए ऋचा घोष ने 68 रनों की पारी खेली।
इंग्लैंड की पारी
इंग्लैंड के लिए एमी जोन्स ने 45 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 64 और नट सेवियर ब्रंट ने 45 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली। डानी गिब्सन ने 12 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए थे। भारत की तरफ से श्रेयंका पाटिल को दो, जबकि शेफाली वर्मा, रेणुका सिंह, श्री कारणी और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।
भारत की पारी
172 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। आठ के स्कोर पर मंधाना के रूप में पहला झटका लगा और इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। शेफाली वर्मा (13), यास्तिका भाटिया (15), कप्तान हरमनप्रीत कौर (17) और भारती फूलमाली (18) को शुरुआत मिली, लेकिन सभी अपनी पारी को बड़ी पारी में बदलने में असफल रहीं।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं ऋचा घोष ने 36 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन की विस्फोटक पारी खेल टीम को जीत दिलाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उनका अकेला प्रयास काफी नहीं रहा। भारतीय टीम 19.5 ओवर में 166 रन पर ऑल आउट हो गई और 5 रन से हार गई। शीर्ष क्रम के किसी भी एक बल्लेबाज का सहयोग मिला होता, तो टीम इंडिया इस मैच में जीत दर्ज कर सकती थी। विश्व कप से पहले भारतीय टीम को अपनी गलतियों पर ध्यान देना होगा। इंग्लैंड के लिए लिंसे स्मिथ ने तीन, चार्ली डीन, कोलमैन और डानी गिब्सन ने दो-जो विकेट लिए। इसके अलावा इजी वॉग को एक विकेट मिला।