इंग्लैंड ने रविवार को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला भी अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड की टीम ने वेस्टइंडीज को 241 रनों से हराया। इससे पहले टीम ने वेस्टइंडीज को पारी और 114 रनों से हराया था। अब इस सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।
नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहली पारी में ओली पोप की शतकीय पारी के दम पर 416 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 457 रन बनाए और 41 रनों की बढ़त बनाई। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने जो रूट और हैरी ब्रूक की शतकीय पारियों की बदौलत चौथे दिन 425 रन बनाए और 416 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 143 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने पांच विकेट चटकाए जबकि क्रिस वोक्स और गस एटकिंसन ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, मार्क वुड को एक विकेट मिला।
रूट-ब्रूक ने जड़ा शतक
रूट ने अपने करियर का 32वां जबकि ब्रूक ने पांचवा शतक लगाया, जिससे इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 425 रन बनाकर वेस्टइंडीज के सामने 385 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा। वेस्टइंडीज की टीम इसके जवाब में 148 रन बनाकर आउट हो गई। बशीर ने 41 रन देकर 5 विकेट लिए। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 416 रन बनाए थे जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 457 रन बनाकर 41 रन की बढ़त हासिल की थी।
बशीर की घातक गेंदबाजी
बशीर ने तीन ओवर के अंदर किर्क मैकेंजी, कावेम हॉज और एलिक अथानाज को आउट करके वेस्टइंडीज को करारे झटके दिए। इसके बाद उन्होंने जेसन होल्डर और आखिरी खिलाड़ी शमर जोसेफ को आउट किया। वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान क्रेग ब्रेथवेट ने सर्वाधिक 47 रन बनाए जबकि होल्डर ने 37 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड की तरफ से बशीर के अलावा क्रिस वोक्स और गस एटकिंसन ने दो-दो जबकि मार्क वुड ने एक विकेट लिया।
इंग्लैंड ने 248/3 के स्कोर से बढ़ाई पारी
इससे पहले इंग्लैंड ने चौथे दिन सुबह तीन विकेट पर 248 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। तब रूट 37 और ब्रूक 71 रन पर खेल रहे थे। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की जिससे इंग्लैंड निचले मध्य क्रम के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बावजूद मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
वेस्टइंडीज के सबसे सफल गेंदबाज जॉडेन सील्स (97 देकर 4 विकेट) ने ब्रूक को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद रूट ने एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरी तरफ से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। ब्रूक ने अपनी पारी में 132 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके लगाए।
होल्डर ने रूट की पारी का अंत किया। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज ने आठवें नंबर के विकेट के रूप में आउट होने से पहले 178 गेंद खेली और 10 चौके लगाए। निचले क्रम में एटकिंसन ने नाबाद 21 रन का योगदान दिया।