इंग्लैंड ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच भी अपने नाम कर लिया। एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले के तीसरे दिन इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 10 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपना अर्धशतक पूरा करने के लिए सिर्फ 24 गेंद खेली। उन्होंने 28 गेंद में 57 रन बनाए और क्रेग ब्रैथवेट की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। बेन डकेट ने 16 गेंद में 25 रन का योगदान दिया। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 7.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 87 रन बनाकर जीत हासिल की।
वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी के तीसरे दिन दो विकेट पर 33 रन से खेलना शुरू किया था लेकिन वुड की गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 175 रन पर ढेर हो गई जिन्होंने 40 रन देकर पांच विकेट झटके। इससे इंग्लैंड को जीत के लिए 82 रन का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड ने पहला टेस्ट पारी और 114 रन से और दूसरा टेस्ट 241 रन से जीता था।