टी-20 वर्ल्डकप 2021 में सेमीफाइनल के समीकरण लगभग तय हो चुके हैं। पाकिस्तान के बाद इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भी सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। वहीं अफ्रीका की टीम अपने आखिरी मैच में इंग्लैंड को बड़े अंतर से नहीं हरा पाई और सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई। वहीं चौथे स्थान के लिए भारत के अलावा, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम दावेदारी पेश कर रही हैं। रविवार को न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच होने वाले मैच के बाद चौथी टीम का नाम भी लगभग तय हो जाएगा।
अफ्रीका को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इंग्लैंड को बड़े अंतर से हराने की जरूरत थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीका के खिलाड़ियों ने 189 रन जरूर बनाए, लेकिन उनके गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाए। इस मैच में 189 रन बनाने के बाद अफ्रीका को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इंग्लैंड को 131 रनों पर रोकना था। अफ्रीकी गेंदबाज ऐसा नहीं कर पाए और ऑस्ट्रेलिया की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।
क्या हैं ताजा समीकरण
सुपर 12 के पहले ग्रुप में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के आठ-आठ अंक हैं, लेकिन इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का रन रेट अफ्रीका से बेहतर है। इसी वजह से अफ्रीका से पहले ये दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इंग्लैंड का रन रेट +2.464 का है और ऑस्ट्रेलिया का रन रेट +1.216 का है। वहीं अफ्रीका रन रेट सिर्फ +0.739 का है। वहीं दूसरे ग्रुप की बात करें तो पाकिस्तान आठ अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। अब अफगानिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड के जीतने पर कीवी टीम भी सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं अफगानिस्तान के जीतने पर भारत सेमीफाइनल में जा सकता है।
इस वर्ल्डकप में पहला मैच हारा इंग्लैंड
टी-20 विश्वकप 2021 में इंग्लैंड की टीम पहली बार कोई मैच हारी है। इससे पहले इंग्लैंड ने अपने चार मैच लगातार जीते थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और श्रीलंका को हराया था। हालांकि अफ्रीका के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाज जेसन रॉय चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। अगर उनकी चोट गंभीर रहती है तो इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में परेशानी में आ सकती है। उनके तेज गेंदबाज टायमल मिल्स पहले ही चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
10 रनों से जीता अफ्रीका
अफ्रीका के 189 रनों के जवाब में इंग्लैंड सिर्फ 179 रन बना पाया और इस टूर्नामेंट पहली बार उन्हें हार झेलनी पड़ी। इंग्लैंड के लिए मोईन अली ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। उनके अलावा डेविड मलान ने भी 33 रन बनाए और बाकी बल्लेबाजों के योगदान से इंग्लैंड जीत के करीब था, लेकिन आखिरी ओवर में कगिसो रबादा ने हैट्रिक लेकर अफ्रीका को जीत दिला दी। हालांकि इस मैच में रबादा का दिन कुछ खास नहीं था और शुरुआती तीन ओवरों में उन्होंने काफी रन लुटाए थे, लेकिन अपने आखिरी ओवर में उन्होंने हैट्रिक लेकर मैच पलट दिया।
टॉस हारकर अफ्रीका की शानदार बल्लेबाजी
इंग्लैंड के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफ्रीकी टीम ने शानदार खेल दिखाया और 189 रन बनाए। अफ्रीका के लिए रसी वन डर डसें ने सबसे ज्यादा 94 रनों की पारी खेली। उन्होंने 60 गेंदों में नाबाद 94 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और छह छक्के निकले। उनके अलावा एडेन मारकरम ने 25 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली। इंग्लैंड के लिए मोइन अली और आदिल राशिद को एक-एक विकेट मिला।