इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम में बदलाव किया है। दरअसल, इंग्लिश टीम ने डॉम बेस को टीम में शामिल किया है। बेस को जैक लीच के कवर के तौर पर टीम में जगह दी गई है। इसके बारे में टीम के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड ने बताया कि, डॉम बेस को जैक लीच के कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, जैक लीच अभी पूरी तरह से फिट हैं। लीच को लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में शामिल नहीं किया गया था और अब उन्हें अंतिम इलेवन में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है। सिल्वरवुड ने कहा कि वहां जाने पर पता चलेगा लेकिन हमने बेस को कवर के तौर पर शामिल किया है। बेस को 48 घंटे के लिए आइसोलेशन में रहने के बाद 9 जून को टीम के साथ ट्रेनिंग के लिए आना है।
बता दें कि दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच ड्रॉ समाप्त हो गया था। वहीं, पहले टेस्ट में डेब्यू करने वाले ओली रॉबिन्सन को इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने नस्लवादी और लिंगभेदी ट्वीट पोस्ट करने के लिए निलंबित कर दिया। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे। दरअसल, पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद 27 साल के रॉबिन्सन ने माफी मांगते हुए कहा था कि 18 साल की उम्र में जब उन्होंने ये नस्लवादी और लिंगभेदी (2012) ट्वीट किए थे तो वह जीवन में मुश्किल दौर से गुजर रहे थे। उनकी माफी के बावजूद हालांकि ईसीबी ने पहले टेस्ट के बाद उन्हें निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक जांच शुरू की। रॉबिनसन ने अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच में सात विकेट चटकाए थे।