भारत-इंग्लैंड के बीच जारी मौजूदा सीरीज बेहद उतार-चढ़ाव भरी रही। लॉर्ड्स में खेले गए सिर्फ दूसरे टेस्ट को छोड़ दिया जाए तो तीनों ही टेस्ट में दोनों टीम ने जबरदस्त खेल दिखाया। मैच भले ही किसी के भी नाम रहा हो, लेकिन हर सेशन में एक टीम दूसरे पर भारी पड़ती नजर आती तो कमजोर साबित हो रही टीम विपक्षी पर आक्रमण करती।
साउथ हैंम्पटन में खत्म हुए चौथे टेस्ट में भी कुछ यही हुआ। रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने 60 रन से यह मुकाबला अपने नाम किया। इस मैच में स्पिनर मोईन अली ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की कमर तोड़ दी थी। उन्होंने पहली पारी में 5 विकेट तो दूसरी पारी में 4 विकेट अपने नाम किए।
जिस पिच पर भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्निन पूरी तरह बेरंग नजर आए, वहां पर मोईन अली ने भारतीय बल्लेबाजों की कब्र खोद दी। यही कारण है मोईन अली से निपटने के लिए भारतीय बल्लेबाज शुक्रवार से शुरू होने जा रहे पांचवें और आखिरी टेस्ट से पहले खास रणनीति के साथ उतरने वाले हैं।
ओवल टेस्ट से पहले भारतीय बल्लेबाजों ने एक खास रणनीति के साथ नेट प्रैक्टिस की। स्पिन खेलने में माहिर समझे जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों ने स्विप और रिवर्स स्विप की प्रैक्टिस की। अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, शिखर धवन, ऋषभ पंत ने थ्रोडाउन के खिलाफ स्विप और रिवर्स स्विप का काफी अभ्यास किया।
शुक्र है कि मोईन अली शुरुआती 3 टेस्ट में नहीं खेले वरना सीरीज में 1-3 से पिछड़ रही टीम इंडिया अपना खाता भी नहीं खोल पाती। मोईन ओवल में ज्यादा खतरनाक साबित न हो इसलिए भारतीय बल्लेबाज स्विप और रिवर्स स्विप का इस्तेमाल कर सकते हैं।