वेस्टइंडीज के हरफनमौला ड्वेन ब्रावो का मानना है कि टी10 क्रिकेट में वही क्रांति ला सकता है, जो 15 साल पहले टी-20 प्रारूप लेकर आया था। ब्रावो यहां अबुधाबी टी-10 लीग की तैयारी में जुटे हैं।
उन्होंने कहा, 'टी-10 रोमांचक टूर्नामेंट है और यह वैसी ही प्रतिस्पर्धा है जैसी कुछ साल पहले टी-20 थी। पूरी दुनिया में टी-20 को इसी तरह प्रशंसकों ने हाथों हाथ लिया था।' ब्रावो ने कहा, टी-10 भी ऐसा ही कुछ कर सकता है। इससे खिलाड़ियों का कैरियर लंबा हो सकता है।'
ब्रावो ने आगे कहा, 'एक गेंदबाज के तौर पर मैं इसे चुनौती के रूप में लेता हूं क्योंकि यह गेंदबाजों के अनुकूल प्रारूप नहीं है और इसमें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का सामना करना है।' पिछले सत्र में ब्रावो के शानदार प्रदर्शन से मराठा अरेबियंस ने खिताब जीता था। अब वह दिल्ली बुल्स के लिए खेलेंगे।
इन दिनों त्रिनिदाद और टोबैगो में घर पर अभ्यास कर रहे ब्रावो ने कहा कि इस प्रारूप में क्षेत्ररक्षण की काफी अहमियत है। उन्होंने कहा, 'यह काफी महत्वपूर्ण है। मैं हमेशा कहता हूं कि फील्डिंग में बचाया गया हर रन आपके लक्ष्य में एक रन कम करता है। एक ईकाई के रूप में अच्छा क्षेत्ररक्षण बेहद जरूरी है।'
बता दें कि वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने क्रिकेट के टी-10 फॉर्मेट को ओलंपिक खेलों के कार्यक्रम में शामिल करने की इच्छा जताई थी। अबुधाबी टी-10 लीग के आगामी सत्र में टीम अबुधाबी का प्रतिनिधित्व कर रहे गेल का मानना कि टी-10 ऐसा प्रारूप है, जो दुनिया की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट के प्रवेश को आगे बढ़ा सकता है।