भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे (207*) और यशस्वी जायसवाल (228) के दोहरे शतकों की मदद से पश्चिमी क्षेत्र ने उत्तर पूर्व क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में दो विकेट पर 590 रन बना लिए। यशस्वी और रहाणे ने दूसरे विकेट के लिए 333 रन की साझेदारी की। रहाणे ने 264 गेंदों की पारी में 22 चौके और छह छक्के लगाए।
अजिंक्य रहाणे
यशस्वी की 321 गेंदों की पारी में 22 चौके और तीन छक्के शामिल थे। रहाणे के साथ राहुल त्रिपाठी 25 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 51 रन की अटूट साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले शुक्रवार को पृथ्वी शॉ (113) का विकेट स्पिनर अंकुर मलिक ने लिया। जयसवाल के साथ उन्होंने पहले विकेट पर 206 रन जोड़े थे।
पश्चिमी क्षेत्र ने दूसरे दिन बिना विकेट पर 116 रन से आगे खेलना शुरू किया था। पृथ्वी के आउट होने के बाद यशस्वी और रहाणे ने विपक्षी टीम के गेंदबाजों की मुश्किलें कम नहीं होने दी। जायसवाल का मलिक ने अपनी ही गेंद पर कैच भी छोड़ा था। उन्होंने 281 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया। यशस्वी का विकेट जोनाथन रोंगसेन ने लिया।
यशस्वी जायसवाल
पृथ्वी शॉ
विराट सिंह के शतक से पूर्वी क्षेत्र के 397 रन
पुद्दुचेरी में विराट सिंह (117 रन) की मदद से पूर्वी क्षेत्र ने अन्य क्वार्टर फाइनल में पहली पारी में उत्तर क्षेत्र के खिलाफ 397 रन बनाए। पहले दिन के स्कोर तीन विकेट पर 179 रन से आगे खेलने उतरी पूर्वी क्षेत्र टीम के लिए विराट के अलावा शाहबाज अहमद ने 62 रन का योगदान दिया।
कप्तान मनोज तिवारी (27) ने विराट के साथ 77 रन की साझेदारी की। नवदीप सैनी और बाएं हाथ के स्पिनर निशांत सिंधू ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में युवा बल्लेबाज यश धुल (25*) और मनन वोहरा (20*) की मदद से उत्तरी क्षेत्र ने बिना विकेट खोए 65 रन बना लिए हैं।