दलीप ट्रॉफी के फाइनल में मध्य क्षेत्र ने पहली पारी में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दूसरी पारी में बेहद शानदार शुरुआत की। जलज सक्सेना (71) और फियाज फैजल (72) की ओपनिंग जोड़ी ने शतकीय साझेदारी कर टीम की मैच में वापसी कराते हुए 111 रनों की बढ़त दिला दी।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेले जा रहे मैच में पहली पारी में मध्य क्षेत्र 276 रन बनाकर आउट हो गया था जिसके जवाब में दक्षिण क्षेत्र ने 379 रन बनाते हुए 103 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी।
लेकिन दूसरी पारी में मध्य क्षेत्र ने शानदार शुरुआत की और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 214 रन बना लिए थे। खराब रोशनी के कारण समय से पहले खेल खत्म किए जाने के समय रोबिन बिष्ट (26) और महेश रावत (11) क्रीज पर खेल रहे थे।
पहले विकेट के लिए ओपनर फैजल ने जलज सक्सेना (71) के साथ 128 रनों की साझेदारी की। लेकिन इसके बाद टीम थोड़ी सी लड़खड़ाती नजर आई और 73 रनों के अंदर 4 विकेट गंवा दिए।
दबाव में दिख रही मध्य क्षेत्र की टीम ने दूसरी पारी में सधी शुरुआत की और सौ रनों से ज्यादा से पिछड़ने के बाद अब बढ़त बना ली है। पहली पारी में महज 2 रन पर आउट होने वाले जलज ने शानदार अर्धशतक लगाया। उन्हें प्रज्ञान ओझा ने पगबाधा किया। बाद में फैजल ने भी अर्धशतक लगाया।
इससे पहले दक्षिण क्षेत्र ने अपने कल के स्कोर 4 विकेट पर 308 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन पूरी टीम 71 रन और जोड़कर आउट हो गई।
कल के नाबाद बल्लेबाज लोकेश राहुल से उम्मीद थी कि अपनी पारी को दोहरे शतक में बदलेंगे लेकिन वह कामयाब नहीं हुए और आज वह 185 रन पर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 19 चौके और 2 छक्के भी लगाए। पीयूष चावला ने राहुल को बोल्ड कर अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई।
हनुमा विहारी (75) ने राहुल के साथ पांचवें विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी की।
अली मुर्तजा ने आज गजब की गेंदबाजी की और मध्य और निचले क्रम को टिकने का मौका ही नहीं दिया। उन्होंने 59 रन देकर 4 विकेट झटककर दक्षिण क्षेत्र की टीम को चार सौ के पार जाने नहीं दिया। मुर्तजा के अलावा पंकज सिंह ने 3 और कप्तान पीयूष चावला ने 2 विकेट झटके। दक्षिणी टीम के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।