जयदेव उनादकट (4/58) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत इंडिया रेड ने दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन इंडिया ग्रीन के 147 रन पर आठ विकेट चटका दिए थे। खराब मौसम के कारण 49 ओवर ही खेले जा सके। स्टंप के समय मयंक मार्कंडेय 32 और तनवीर उल हक आठ रन बनाकर क्रीज पर थे।
इससे पहले इंडिया ग्रीन का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला सही नहीं रहा। उसने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। उनादकट के अलावा आवेश खान, संदीप वारियर और आदित्य सरवटे ने एक-एक विकेट लिया।
इंडिया रेड के लिए उनादकट ने ही फैज फजल (12) को एलबीडब्ल्यू आउट कर विकेट चटकाने का सिलसिला शुरू किया। ध्रुव शोरे ने अच्छी शुरुआत की लेकिन संदीप ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेरते हुए उन्हें 23 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। उनादकट ने सिद्धेश लाड (00) को आते ही अपना दूसरा शिकार बनाया। दूसरे सलामी बल्लेबाज अक्षत रेड्डी (16) गफलत का शिकार हुए जिससे टीम का स्कोर चार विकेट पर 65 रन हो गया। अक्षदीप नाथ (29) ने कुछ टिककर बल्लेबाजी की, पर वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।