स्पिनर सौरभ कुमार (3/46) और तेज गेंदबाज आवेश खान (3/34) की शानदार गेंदबाजी की मदद से मध्य क्षेत्र ने गुरुवार को दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन यहां पूर्व क्षेत्र के खिलाफ पहली पारी में 60 रन की बढ़त हासिल की। मध्य क्षेत्र ने पहली पारी में 182 रन बनाए थे। लेकिन गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के आगे पूर्व क्षेत्र पहली पारी में 122 रन पर सिमट गया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय मध्य क्षेत्र ने बिना विकेट खोए 64 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 124 रन की हो गई है। हिमांशु मंत्री 25 और विवेक सिंह 34 रन बनाकर खेल रहे थे। पूर्व क्षेत्र ने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत दो विकेट पर 32 रन से की थी।
उत्तर क्षेत्र बनाम उत्तर-पूर्व क्षेत्र मैच में क्या हुआ
निशांत सिंधू और हर्षित राणा के शतकों की बदौलत उत्तर क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन उत्तर-पूर्व क्षेत्र के खिलाफ पहली पारी आठ विकेट पर 540 रन बनाकर घोषित कर दी। निशांत 245 गेंदों में 150 रन की शतकीय पारी खेली और उन्होंने 18 चौके व तीन छक्के जड़े। उनके अलावा हर्षित राणा ने नाबाद 122 रन बनाए। उन्होंने 86 गेंदों में 12 चौके और नौ छक्के जड़े।
एल किशन सिंघा ने 74 रन देकर दो विकेट लिए। जवाब में उत्तर-पूर्व क्षेत्र ने तीन विकेट पर 65 रन बनाए। अभी वह पहली पारी में 475 रन पीछे है और दिन का खेल खत्म होने पर निशेल 35 और लैंगलोनीम्बा कीशांगबम एक रन बनाकर खेल रहे थे। बलतेज, सिद्धार्थ और हर्षित राणा को एक-एक विकेट मिला।