दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन टीम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उप-कप्तान बनाया गया है। यह टीम सोमवार को जोनल चयन समिति की बैठक के बाद घोषित की गई। दलीप ट्रॉफी का आयोजन 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बंगलूरू स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के मैदानों पर किया जाएगा।
गायकवाड़ के हाथों में कप्तानी
पिछले सीजन में वेस्ट जोन की कप्तानी तेज गेंदबाज ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने संभाली थी। टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन पहली पारी में बढ़त के आधार पर सेंट्रल जोन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। इस बार चयनकर्ताओं ने टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी है। गायकवाड़ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी भी कर चुके हैं। हाल ही में वह श्रीलंका 'ए' के खिलाफ 50 ओवर की ट्राई-सीरीज और रेड-बॉल मुकाबलों के लिए भारत 'ए' टीम का हिस्सा भी रहे थे।
बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग विभाग मजबूत
वेस्ट जोन की टीम में हार्विक देसाई और उर्विल पटेल को विशेषज्ञ विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है। बल्लेबाजी क्रम में गायकवाड़ के अलावा पृथ्वी शॉ, सरफराज खान, मुशीर खान, जयमीत पटेल और शिवालिक शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूती देंगे।
स्पिन और तेज गेंदबाजी का संतुलित संयोजन
स्पिन विभाग की जिम्मेदारी उप-कप्तान शम्स मुलानी, ऑफ स्पिन ऑलराउंडर तनुष कोटियान और बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई संभालेंगे। वहीं तेज गेंदबाजी आक्रमण में शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी और ऑलराउंडर अतीत सेठ शामिल हैं।
छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में जगह
चयनकर्ताओं ने छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय सूची में भी रखा है। इनमें जय गोहिल, आर्य देसाई, अर्शिन कुलकर्णी, महेश पिठिया, विशाल जयसवाल और राजवर्धन हंगरगेकर शामिल हैं।
वेस्ट जोन की टीम: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उप-कप्तान), हार्विक देसाई (विकेटकीपर), उर्विल पटेल (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, सिद्धार्थ देसाई, सरफराज खान, मुशीर खान, अतीत सेठ, मुकेश चौधरी, तनुष कोटियान, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: जय गोहिल, आर्य देसाई, अर्शिन कुलकर्णी, महेश पिठिया, विशाल जयसवाल और राजवर्धन हंगरगेकर।