ओपनर मयंक अग्रवाल (92) और कप्तान गौतम गंभीर (77) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत इंडिया ब्लू ने इंडिया रेड के खिलाफ अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 200 रन बना लिए हैं।
दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की। स्टंप तक दिनेश कार्तिक और शेल्डन जैक्शन खाता खोले बगैर नाबाद लौटे।
मुकाबले में इंडिया रेड की ओर से बाएं हाथ के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने 49 रन खर्च कर चार विकेट चटकाए। दूसरे दिन भी बारिश में डेढ़ सेशन का खेल धुल गया।
शाम साढ़े सात बजे आउटफील्ड को खेले जाने लायक करार देने के बाद खेल शुरू किया गया। मंगलवार को दोपहर से ही मौसम खराब रहा।
इंडिया ब्लू ने पहले दिन बिना कोई विकेट गंवाए 105 रन बनाए थे। गंभीर ने 51 रन से आगे खेलना शुरू किया। उन्हें नाथू सिंह ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद शतक की ओर बढ़ रहे मयंक अग्रवाल को कुलदीप यादव ने विकेटकीपर के हाथों स्टंप आउट करा दिया। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव पांच रन बनाकर आउट हुए जबकि कर्ण शर्मा अपना खाता भी नहीं खोल सके। बाबा अपराजित 19 रन बनाकर आउट हुए।