डॉम सिब्ले (133*) बेन स्टोक्स (72 रन, 47 गेंद) की पारियों से इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे टेस्ट में 438 रन का विश्व रिकॉर्ड लक्ष्य दिया है। चौथे दिन इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी लंच के बाद आठ विकेट पर 391 रन बनाकर घोषित कर दी। सिब्ले ने 311 गेंदों की पारी में 19 चौके और एक छक्का लगाया जबकि स्टोक्स ने पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए।
स्टोक्स की यह पारी डॉम सिबले के पहले टेस्ट शतक पर हावी हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने चाय के विश्राम तक बिना किसी नुकसान के 46 रन बनाए थे। तब पीटर मलान 23 और डीन एल्गर 21 रन पर खेल रहे थे। इंग्लैंड ने रविवार को 79 ओवरों में 218 रन बनाये थे लेकिन सोमवार को उसके बल्लेबाजों ने तेजी से रन जुटाये और पारी समाप्त घोषित करने से पहले 32 ओवरों में 173 रन जोड़े।