एशिया कप 2025 के लिए आने वाले कुछ दिनों में भारतीय चयनकर्ता बैठक करने वाले है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में गत चैंपियन के तौर पर खेलने उतरेगी। इसके लिए कई नामों की चर्चा तेज है और उसी में एक नाम शुभमन गिल का भी है। गिल भारतीय टी20 टीम में वापसी के दावेदार हैं। उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम की कमान संभाली थी और उनकी अगुआई में भारत ने पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर दी थी।
आखिरी बार श्रीलंका दौरे पर भारत के लिए खेला टी20 मैच
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान गिल ने सामने से नेतृत्व किया था और वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। गिल जिस तरह के फॉर्म में चल रहे हैं उससे उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है जिस कारण उनके टी20 में वापसी करने पर चर्चा तेज हो गई है। गिल ने भारत के लिए आखिरी बार टी20 पिछले साल श्रीलंका दौरे पर खेला था जहां उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया गया था। टी20 विश्व कप 2024 के बाद गिल ने अपने नेतृत्व का दम दिखाया था और जिम्बाब्वे के खिलाफ 4-1 की जीत दिलाई थी।
टीम में कैसे फिट बैठेंगे गिल?
टी20 में गिल की वापसी पर चर्चा तो हो रही है, लेकिन सवाल यह उठ रहे हैं कि मौजूदा टी20 सेटअप में वह किस स्थान पर फिट बैठेंगे। गिल ने भारत के लिए अब तक 21 टी20 मैच खेले हैं जिसमें 30.42 के औसत से 578 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 139.27 का रहा है जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका आईपीएल का स्ट्राइक रेट भी 138.71 है और उन्होंने इस लीग में 115 पारियों में 39.44 के औसत से 3866 रन बनाए हैं। गिल ने अपने टी20 करियर में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, लेकिन मौजूदा भारतीय टी20 टीम में वह आदर्श रूप से फिट नहीं हो बैठ पा रहे हैं।
जब से सूर्यकुमार यादव को टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कमान सौंपी गई है, उन्होंने अपने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के समान प्रदर्शन को जारी रखा है, क्योंकि युवा टीम ने निडर दृष्टिकोण के साथ बल्लेबाजी की है। जुलाई 2024 से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 में से आठ बार 200 रनों का आंकड़ा पार किया है। भारत ने 297/6, 283/1, 247/9, 234/2, 221/9 जैसे स्कोर भी खड़े किए हैं। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या समेत कई अन्य खिलाड़ी पिछले 12 महीनों में काफी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और टी20 क्रिकेट के आधुनिक मानकों के अनुरूप बेहद आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं।
प्लेइंग-11 में जगह पक्की नहीं
दूसरी ओर, गिल को गियर बदलने से पहले समय लेने के लिए जाना जाता है, जो आईपीएल में उनके दृष्टिकोण से भी स्पष्ट है। इसलिए, टी20 में उनकी वापसी भारत की बल्लेबाजी के लिए मुश्किल होगी क्योंकि उनके पास पहले से ही एक मजबूत बल्लेबाजी क्रम है जिससे पूरी दुनिया डरती है। इसके अलावा, गिल की प्लेइंग-11 में जगह पक्की नहीं होगी क्योंकि भारत के पास पहले से ही संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के रूप में एक स्थापित सलामी जोड़ी है, जो एक-दूसरे का बखूबी साथ निभाते हैं। इसके अलावा, यशस्वी जायसवाल जो अपने आक्रामक स्ट्रोक्स के लिए जाने जाते हैं वह भी टीम में वापसी की तैयारी में हैं।
अक्षर या गिल कौन होगा उपकप्तान?
इंग्लैंड के खिलाफ पिछली घरेलू सीरीज के दौरान अक्षर पटेल उपकप्तान थे, लेकिन पिछले साल श्रीलंका दौरे पर जब सूर्यकुमार को टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था तो गिल ने उपकप्तान की भूमिका निभाई थी। यह समझा जाता है कि चयन समिति इस सेटअप में बहुत अधिक बदलाव करने के लिए उत्सुक नहीं होगी। अक्षर बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे रहे हैं और अगर गिल की वापसी होती है तो यह संभव है कि उन्हें ही उपकप्तान बनाया जाए।