गौतम गंभीर ने ट्विटर पर लिखा, 'यह जानकर निराशा हुई कि शिखर धवन अब वर्ल्ड कप में भाग नहीं ले पाएंगे। मेरी सहानुभूति तुम्हारे साथ है भाई, लेकिन चिंता मत करो, दुनिया यहीं खत्म नहीं हो जाती। ऋषभ पंत के लिए शुभकामनाएं। मेरा आग्रह है कि हम ऋषभ पर कोई अनुचित दबाव न डालें।'
इससे पहले तीन मैच खेलकर वर्ल्ड कप से बाहर होने वाले धवन ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया था। अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, 'मैं इस बात का एलान करते हुए भावुक हूं कि मैं अब क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 का हिस्सा नहीं हूं। दुर्भाग्यवश, बाएं हाथ का अंगूठा सही समय पर ठीक नहीं हुआ है। लेकिन, शो मस्ट गो ऑन...मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे मेरे टीम मेट्स, क्रिकेट लवर्स और पूरे देश से इतना प्यार और समर्थन मिला। जय हिंद'
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की जीत के नायक रहे धवन तेज गेंदबाज नाथन कोल्टर नाइल की उछाल लेती गेंद पर चोटिल हो गए थे, लेकिन दर्द की परवाह न करते हुए उन्होंने शानदार शतक ठोकते हुए 109 गेंदों में 117 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।
चोट लगने के बाद शिखर धवन
- फोटो : पीटीआई
दरअसल, उनके अंगूठे में हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ था। इसके बाद बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट ने फैसला लिया है कि अगले एक हफ्ते तक शिखर धवन टीम के साथ चिकित्सकों की निगरानी में रहेंगे। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक कहा जा रहा था कि शिखर धवन अगले एक दो हफ्ते में इस चोट से उबर जाएंगे, लेकिन बुधवार को आधिकारिक तौर पर उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया। अब इस सलामी बल्लेबाज की जगह टीम में ऋषभ पंत को शिमालि किय गया है।
युवा ऋषभ पंत पहले से ही इंग्लैंड में टीम के साथ हैं। धवन के स्थान पर पंत को टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर लिखा है, 'आईसीसी ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि उसकी टूर्नामेंट तकनीकी समिति ने आईसीसी पुरुष विश्व कप-2019 में पंत को धवन के विकल्प के तौर पर मंजूरी दे दी है। पंत बाकी के मैचों में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।'