टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा चोटिल होने के कारण 14 जून को बैंगलोर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले ऐतिहासिक टेस्ट से बाहर हो गए हैं। साहा की जगह दिनेश कार्तिक को टीम में शामिल किया गया है। गौरतलब है कि रिद्धिमान साहा को सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से 25 मई को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर के दौरान चोट लगी थी।
बीसीसीआइ की प्रेस विज्ञपति में कहा गया है कि, साहा बीसीसीआइ की मेडिकल टीम की निगरानी में चोट से उभर रहे थे, लेकिन मैनजमेंट ने उन्हें आराम देने के लिए इस टेस्ट से बाहर रखने का फैसला किया है जिसके की वो इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले पूरी तरह से फिट हो सके। उन्हें फिट होने में 5 से 6 हफ्ते का समय लग सकता है। एमएसके प्रसाद की अगुआई वाली चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच के लिए कार्तिक को साहा के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है। क्योंकि इन दिनों कार्तिक बेहद ही शानदार फॉर्म में हैं।
बता दें कि कार्तिक ने पिछला टेस्ट 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था, लेकिन प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड जबर्दस्त रहा है। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड में 2007 में टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सीरीज में तीन अर्धशतक (लॉर्ड्स में 60, नॉटिंघम में 77 और ओवल में 91 रन) लगाए थे। दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया के लिए 23 टेस्ट मैचों में 7 अर्द्धशतकों की मदद से 1000 रन बनाए हैं।