इस आईपीएल ने दिनेश कार्तिक को एक नई पहचान दी है। अभी तक वह एक विकेट कीपर-बल्लेबाज के रूप में जाने जाते थे, लेकिन मुंबई इंडियंस के लिए नंबर तीन पर विस्फोटक पारियां खेल उन्होंने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
कार्तिक ने खुद खुलासा किया कि वह कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी में बतौर बल्लेबाज भारतीय टीम में जगह बनाना चाहते हैं। उन्हें फील्डिंग से भी कोई एतराज नहीं है।
वहीं दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले से पहले शनिवार को फिरोजशाह कोटला में सचिन तेंदुलकर ने खुद तो बल्लेबाजी नहीं की, लेकिन हरभजन सिंह को अपनी गेंदों से जमकर बल्लेबाजी कराई।
दूसरी ओर लगातार छह हार के बाद एक अदद जीत को तरस रही दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम में जज्बा भरने के लिए सर विवियन रिचर्डस उनसे जुड़ने जा रहे हैं। टीम मेंटर टीए शेखर का कहना है कि सर रिचडर्स के जुड़ने से टीम को फायदा होगा। वह खिलाड़ियों के लिए काफी प्रेरणादायक होंगे।
दिनेश कार्तिक दिल्ली को भूखे शेर की तरह देख रहे हैं। उनका कहना है कि जो टीम लगातार छह मैच हार चुकी है वह उनके खिलाफ जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। आईपीएल में अपनी सफलता को लेकर कार्तिक खासे उत्साहित हैं।
उनका कहना है कि उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर काफी ध्यान दिया है। घरेलू सत्र में भी उनकी बल्लेबाजी काफी अच्छी रही है। हालांकि बड़ा स्कोर आने के लिए नंबर तीन पर खेलने को अच्छा मानते हैं।
कार्तिक का कहना है कि ऊपर खेलने में यही फायदा है। अच्छा खेलोगे को स्कोर होगा नीचे खेलने में हमेशा कम स्कोर की गुंजाइश रहती है। आईपीएल में मार्कल, स्टेन जैसे गेंदबाजों को खेलकर रन बनाना उनके लिए उत्साहवर्धक है। इस दौरान फिरोजशाह कोटला पर सचिन तेंदुलकर दूसरे रंग में नजर आए। उन्होंने अनिल कुंबले और हरभजन सिंह के साथ काफी समय बिताया।