भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने उस वायरल वीडियो पर राय रखी है जिसमें यह दावा किया गया कि भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच के दौरान जितेश शर्मा को लॉर्ड्स में प्रवेश नहीं मिला था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है जिसके कैप्शन में लिखा है कि लॉर्ड्स के सुरक्षाकर्मी ने जितेश को स्टेडियम के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया।
कार्तिक ने दिया स्पष्टीकरण
अब कार्तिक ने इस मामले को लेकर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना मुख्य स्टेडियम के प्रवेश पर नहीं, बल्कि मीडिया सेंटर के बाहर घटी। कार्तिक इस सीरीज के लिए कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं। कार्तिक ने कहा कि उन्होंने जितेश को कमेंट्री बॉक्स में बुलाया था। कार्तिक ने वायरल पोस्ट पर रिप्लाई देते हुए लिखा, सोशल मीडिया से जुड़ी कुछ ऐसी ही समस्याएं हैं जिनका सामना बहुत से लोग करते हैं। मैंने जितेश को कमेंट्री बॉक्स में बुलाया था, वो आया भी था और मैं नीचे जाकर उससे मिला और उसे कमेंट्री बॉक्स में ले गया और वो वहां सबसे मिला। वैसे ये मीडिया सेंटर के बाहर का हिस्सा है, ग्राउंड का प्रवेश द्वार नहीं है।
भारत के लिए टी20 खेल चुके हैं जितेश
जितेश ने भारत के लिए अब तक टेस्ट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन वह टीम के लिए नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 14.28 के औसत और 147.05 के स्ट्राइक रेट से 100 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 35 रन है जो उन्होंने दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था।
भारत को लॉर्ड्स टेस्ट के अंतिम दिन हार का सामना करना पड़ा था जिससे टीम इंडिया पांच मैचों की सीरीज में 1-2 से पिछड़ गई है। इंग्लैंड ने भारत से सामने 193 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन भारतीय टीम दूसरी पारी में 170 रन पर ऑलआउट हो गई थी और इंग्लैंड ने 22 रन से यह मुकाबला अपने नाम किया था। भारतीय टीम की नजरें अब 23 जुलाई से मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट मैच से वापसी करने पर टिकी होंगी।